दुनिया

ग्लोबल साउथ में लाखों लोगों की जान बचा सकता है भारत : बिल गेट्स

गेट्स सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूतावास और गेट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर भारतीय संस्कृति, कला और खानपान को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया गया था।

Image

अरबपति परोपकारी बिल गेट्स। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Bill Gates : अरबपति परोपकारी बिल गेट्स ने कहा कि महात्मा गांधी के समानता और गरिमा के आदर्श गेट्स फाउंडेशन के कार्यों की नींव हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत ने ऐसी अनेक पहल और समाधान विकसित किए हैं, जो ‘ग्लोबल साउथ’ में लाखों लोगों की जान बचा सकते हैं और उनके जीवन को बेहतर बना सकते हैं। ‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों को संदर्भित करने के लिए किया जाता है।

गेट्स सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूतावास और गेट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर भारतीय संस्कृति, कला और खानपान को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया गया था। गेट्स ने कहा, ‘‘यह उपयुक्त है कि हम महात्मा गांधी के जन्मदिन पर एकत्र हुए हैं। उन्होंने समानता और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा जैसे आदर्शों की वकालत की, जो हमारे काम की बुनियाद हैं।’’

भारत में जान बचाने और जीवन सुधारने की क्षमता

माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और गेट्स फाउंडेशन के चेयरमेन एवं बोर्ड सदस्य गेट्स ने कहा, ‘आज भारत नवाचार में एक वैश्विक नेता के रूप में खड़ा है और ऐसे समाधान विकसित कर रहा है, जिनमें ग्लोबल साउथ के लाखों लोगों की जान बचाने और जीवन सुधारने की क्षमता है। हम भारत की ‘विकसित भारत 2047’ यात्रा में साझेदारी जारी रखने की आशा करते हैं।’ इस आयोजन में गेट्स के अलावा वाशिंगटन और सिएटल के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। इसके अलावा वाशिंगटन और सिएटल में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

गांधी पीस गार्डन का दौरा किया

न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत बिनय प्रधान ने ‘सनी ओल्ड वेस्टबरी कॉलेज’ स्थित ‘गांधी पीस गार्डन’ का दौरा किया और विश्वविद्यालय समुदाय से बातचीत की। न्यूयॉर्क में भारत के वाणिज्य दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 24 सितंबर 2019 को इस गार्डन का उद्घाटन किया था। इसमें अमेरिका के सभी 50 राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हुए 150 पेड़ लगाए गए हैं, जो गांधीजी के शाश्वत संदेश-शांति, सद्भाव और प्रकृति के सम्मान का प्रतीक हैं।’ वाशिंगटन में भारतीय दूतावास ने भारतीय प्रवासी समुदाय, विद्यार्थियों, पेशेवरों और भारत के मित्रों की भागीदारी के साथ महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और विभिन्न कार्यक्रम संपन्न किए।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article