दुनिया

अमेरिका ने पुतिन पर क्या कार्रवाई की? रूबियो बोले- भारत हमारा करीबी साझेदार, फिर भी ट्रंप ने रूसी तेल खरीदने के लिए लगाया टैरिफ

पुतिन पर अमेरिका ने क्या कार्रवाई की, इसके जवाब में मार्को रूबियो ने कहा, हमने भारत पर अतिरिक्त शुल्क लगाया है और वे हमारे बहुत करीबी साझेदार हैं। कल हमारी उनके साथ फिर से बैठक हुई, और यह रूसी तेल की उनकी खरीद से संबंधित है।

Image

यूक्रेन युद्ध और भारत-अमेरिका संबंधों पर मार्को रूबियो का अहम बयान (AP)

Marco Rubio: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने एक बार फिर भारत-अमेरिका को करीबी साझेदार बताया है। रूबियो ने कहा कि भारत-अमेरिका का एक बेहद करीबी साझेदार हैं, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ की गई कार्रवाई के तहत रूसी तेल की खरीद के लिए नई दिल्ली पर अतिरिक्त शुल्क लगा दिया है। उन्होंने गुड मॉर्निंग अमेरिका के साथ एक साक्षात्कार में यह टिप्पणी इस सवाल का जवाब देते हुए की कि ट्रंप ने पुतिन के खिलाफ कार्रवाई करने की बार-बार धमकी दी है, लेकिन बाद में वे उन धमकियों से पीछे हट गए। यूक्रेन पर अपने हमले तेज करने वाले पुतिन को ट्रंप और कितना समय देंगे।

कहा-हमने भारत पर अतिरिक्त शुल्क लगाया

रूबियो ने कहा, मुझे लगता है कि उन्होंने कार्रवाई की है। उदाहरण के लिए, हमने भारत पर अतिरिक्त शुल्क लगाया है और वे हमारे बहुत करीबी साझेदार हैं। कल हमारी उनके साथ फिर से बैठक हुई, और यह रूसी तेल की उनकी खरीद से संबंधित है। जब यह बताया गया कि ट्रंप ने रूस पर कोई सीधी कार्रवाई नहीं की है, तो रूबियो ने अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम के विधेयक का हवाला दिया, जो रूस से तेल और गैस की खरीद के लिए भारत और चीन पर टैरिफ लगाने के बारे में था।

यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी पर काम करने पर सहमत

अमिरेकी विदेश मंत्री ने कहा, मुझे लगता है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने यूरोप से भी आगे आने का आह्वान किया है। यूरोप में ऐसे देश हैं जो अभी भी रूस से भारी मात्रा में प्राकृतिक गैस और तेल खरीद रहे हैं, जो सीधे तौर पर युद्ध प्रयासों को बढ़ावा दे रहा है। राष्ट्रपति ने हमें भी निर्देश दिए हैं, और हमने सुरक्षा गारंटी पर काम करते हुए काफी प्रगति की है। उन्होंने आगे बताया कि ट्रंप और पुतिन के बीच अलास्का शिखर सम्मेलन के तुरंत बाद यूरोपीय नेता वाशिंगटन आए थे। हम इस संघर्ष की समाप्ति के बाद यूक्रेन के भविष्य के लिए सुरक्षा गारंटी पर काम करने पर सहमत हुए हैं। हमने इसकी रूपरेखा तैयार करने में काफी प्रगति की है, और युद्ध के किसी भी बातचीत-आधारित अंत के लिए यह जरूरी होगा।

रूबियो का दावा - ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष खत्म कराया

वहीं, मार्को रूबियो ने दावा किया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और पाकिस्तान के बीच बेहद खतरनाक संघर्ष समाप्त कराने में काफी सक्रिय थे। मंगलवार को यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मंत्रिस्तरीय बैठक में बोलते हुए रूबियो ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने वैश्विक शांति बहाल करना अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक बनाया है। जब राष्ट्रपति ट्रंप ने पदभार संभाला, तो उन्होंने दुनिया में जहां भी अवसर मिला, शांति बहाल करना अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक बनाया। और कई जगहों पर इसे बड़ी सफलता मिली है।

रूबियो ने कहा, भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत ही खतरनाक संघर्ष था, और इसमें उन्होंने (ट्रंप) शामिल होने का फैसला किया और इसे खत्म कराने में सक्षम रहे। रूबियो ने आगे कहा कि ट्रंप ने थाईलैंड और कंबोडिया, कांगो और रवांडा, और अज़रबैजान और आर्मेनिया के बीच के संघर्षों सहित कई अन्य संघर्षों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article