दुनिया

मात्र 7 महीनों की अवधि में, मैंने 7 अंतहीन युद्धों को समाप्त कर दिया है-संयुक्त राष्ट्र महासभा में बोले ट्रंप, UN पर जमकर बरसे

ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र में इतनी जबरदस्त क्षमता है, लेकिन वह उस क्षमता के आस-पास भी नहीं पहुंच पा रहा है, ऐसा लगता है कि वे बस एक बहुत ही कड़े शब्दों वाला पत्र लिखते हैं और फिर उस पत्र पर कभी अमल नहीं करते।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए

अमेरिका के राष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए कहा कि मात्र 7 महीनों की अवधि में, उन्होंने 7 अंतहीन युद्धों को समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री ने - और इस मामले में, किसी भी अन्य देश ने - कभी भी ऐसा कुछ नहीं किया है और मैंने यह केवल 7 महीनों में किया। इस दौरान ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र संघ की आलोचना भी की।

फिर नोबेल का राग अलापे ट्रंप

ट्रंप ने आगे कहा कि इन युद्धों को समाप्त करने और इससे पहले अब्राहम समझौते पर बातचीत करने के बाद, हर कोई कहता है कि मुझे नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए - लेकिन मेरे लिए, असली पुरस्कार वे बेटे और बेटियां होंगे जो बड़े होकर जीवित रहेंगे, क्योंकि अब लाखों लोग अंतहीन युद्धों में नहीं मारे जा रहे हैं।

UN पर बरसे ट्रंप

UNGA को संबोधिक करते हुए ट्रंप के निशाने पर संयुक्त राष्ट्र संघ भी रहा। ट्रंप ने यूएन के कार्य प्रणाली की जमकर आलोचना की। ट्रंप ने कहा, "संयुक्त राष्ट्र में इतनी जबरदस्त क्षमता है, लेकिन वह उस क्षमता के आस-पास भी नहीं पहुंच पा रहा है, ऐसा लगता है कि वे बस एक बहुत ही कड़े शब्दों वाला पत्र लिखते हैं और फिर उस पत्र पर कभी अमल नहीं करते। संयुक्त राष्ट्र न केवल उन समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा है जो उसे करना चाहिए - बल्कि अक्सर वह नई समस्याएं पैदा कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र पश्चिमी देशों और उनकी सीमाओं पर हमले के लिए धन मुहैया करा रहा है। संयुक्त राष्ट्र से अपेक्षा की जाती है कि वह आक्रमणों को रोके - न कि उन्हें पैदा करे और न ही उन्हें वित्तपोषित करे।"

रूस-यूक्रेन युद्ध पर क्या बोले ट्रंप

ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र की आम चर्चा में एक घंटे से अधिक के अपने संबोधन में कहा, "चीन और भारत रूसी तेल खरीद कर इस युद्ध को वित्तपोषित करने वाले मुख्य देश हैं। यह अक्षम्य है कि नाटो देशों ने भी रूसी ऊर्जा और रूसी ऊर्जा उत्पादों पर ज्यादा रोक नहीं लगाई है।जरा सोचिए, वे अपने ही खिलाफ युद्ध को वित्तपोषित कर रहे हैं। किसने इसके बारे में सुना है? अगर रूस युद्ध ख़त्म करने के लिए कोई समझौता करने को तैयार नहीं होता, तो अमेरिका उस पर बहुत कड़े शुल्क लगाएगा, जिससे मेरा मानना है बहुत जल्द ही खून-खराबा रुक जाएगा। आप सभी जो अभी यहां इकट्ठे हुए हैं, हमारे साथ मिलकर ठीक यही उपाय अपनाने होंगे। यूरोप को इसे और तेज करना होगा। वे जो कर रहे हैं, उन्हें रोकना होगा। वे रूस से तेल और गैस खरीद रहे हैं साथ ही वे रूस से लड़ रहे हैं।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article