दुनिया

डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर पर फिर उठे सवाल, सगे भाई से शादी के आरोपों की दोबारा जांच शुरू

बेनी जॉनसन के साथ गुरुवार को रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में बातचीत के दौरान मुलिन ने कहा कि अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) इल्हान उमर की कथित पिछली शादी के साथ-साथ उससे जुड़े अन्य व्यापक सवालों की भी जांच कर रहा है।

Image

डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर।

Photo : AP

Ilhan Omar : डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर के खिलाफ एक बार फिर जांच शुरू हो गई है। होमलैंड सेक्युरिटी सचिव मार्कयेन मुलिन ने कहा है कि संघीय अधिकारी इल्हान के इमिग्रेशन इतिहास की जांच कर रहे हैं। इल्हान पर आरोप है कि अपने भाई को अमेरिका लाने के लिए उन्होंने उससे शादी की। बेनी जॉनसन के साथ गुरुवार को रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में बातचीत के दौरान मुलिन ने कहा कि अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) इल्हान उमर की कथित पिछली शादी के साथ-साथ उससे जुड़े अन्य व्यापक सवालों की भी जांच कर रहा है।

मुलिन ने कहा, 'हम जानते हैं कि उन्होंने अपने भाई से शादी की थी, ताकि उसे अमेरिका लाने में मदद मिल सके।' उन्होंने कहा कि मामले में और भी पहलू हो सकते हैं। जांच में पूरे परिवार के अमेरिका आने की प्रक्रिया और संभवतः अमेरिका में प्रवेश के लिए किसी अवैध गतिविधि की भी पड़ताल की जा सकती है।

इल्हान पर कई बार लग चुके हैं आरोप

मुलिन ने इस मामले को 'जारी जांच' बताया और कहा कि अधिकारी तभी आगे बढ़ेंगे, जब गलत काम के पर्याप्त सबूत मिलेंगे। मिनेसोटा की डेमोक्रेट सांसद इल्हान उमर को लेकर ये आरोप वर्षों से रूढ़िवादी मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा में रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों को कभी अदालत में साबित नहीं किया गया है। किसी संघीय एजेंसी ने भी सार्वजनिक रूप से ऐसे निष्कर्ष जारी नहीं किए हैं, जो इन आरोपों की पुष्टि करते हों। उमर लगातार किसी भी गलत काम से इनकार करती रही हैं।

इल्हान कार्यालय से प्रतिक्रिया मांगी

न्यूजवीक ने शुक्रवार दोपहर ईमेल के जरिए इल्हान उमर के कार्यालय से इस मामले पर प्रतिक्रिया मांगी। DHS ने किसी विशेष जांच पर टिप्पणी करने से इनकार किया। हालांकि, विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा, 'कानून से ऊपर कोई नहीं है, इसमें कांग्रेस के सदस्य भी शामिल हैं।' मुलिन की ये टिप्पणियां ट्रंप प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से इल्हान उमर से जुड़े इन आरोपों पर अब तक के सबसे कड़े सार्वजनिक बयानों में से एक हैं।

इमिग्रेशन फ्रॉड के मामलों की व्यापक जांच

यह मामला ऐसे समय में फिर सामने आया है, जब अमेरिकी प्रशासन संभावित इमिग्रेशन फ्रॉड के मामलों की व्यापक जांच कर रहा है। मुलिन ने संकेत दिया कि जांचकर्ता यह भी देख रहे हैं कि क्या इमिग्रेशन प्रक्रिया के दौरान कोई गलत जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे उल्लंघन साबित होते हैं, तो कई साल बाद भी उन पर कार्रवाई की जा सकती है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article