दुनिया

स्कूल फंडिंग को लेकर फ्रांस में उबाल, 2.66 लाख लोग सड़कों पर उतरे, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस

फ्रांस में स्कूल फंडिंग और शिक्षा व्यवस्था में संसाधनों की कमी को लेकर छात्रों का आंदोलन देशव्यापी हो गया है। मंगलवार को 2.66 लाख लोगों ने प्रदर्शन किया, जिनमें पेरिस के 56 हजार लोग शामिल थे।

Image

स्कूल फंडिंग को लेकर फ्रांस में उबाल, 2.66 लाख लोग सड़कों पर उतरे, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस

France Student Protest: फ्रांस में स्कूलों के लिए फंडिंग और शिक्षा व्यवस्था में संसाधनों की कमी को लेकर छात्रों का आंदोलन अब उग्र रूप ले चुका है। मंगलवार को देशभर में 2.66 लाख लोगों ने प्रदर्शन किया। राजधानी पेरिस में करीब 56 हजार लोग सड़कों पर उतरे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और दंगा-रोधी पुलिस के बीच कुछ जगहों पर झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।

आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां

फ्रांस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, मंगलवार के प्रदर्शनों के दौरान करीब 500 लोगों को हिरासत में लिया गया। पिछले दो हफ्तों से चल रहे इस आंदोलन के दौरान अब तक पुलिस 6,500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें ज्यादातर नाबालिग हैं। पुलिस कार्रवाई को लेकर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के एक वर्ग में नाराजगी बढ़ रही है। कुछ छात्र संगठनों ने गुरुवार को फिर प्रदर्शन करने का आह्वान किया है।

यह आंदोलन सितंबर के मध्य में पेरिस के एक हाई स्कूल से शुरू हुआ था और अब देश के कई शहरों तक यह फैल चुका है। मार्सेई, स्ट्रासबर्ग, लिली और अन्य शहरों में बड़ी संख्या में लोगों ने झंडे और पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने पुलिस कार्रवाई को लगभग सभी मामलों में उचित बताया। उन्होंने कहा कि कुछ मौकों पर प्रदर्शन दंगों में बदल गए, जिसकी वजह से पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने कहा कि सरकार और स्कूल प्रशासन को छात्रों की चिंताओं को सुनकर समाधान की तलाश करना चाहिए।

संसद में प्रदर्शन के मुद्दे पर बोलते हुए लेकोर्नू ने स्कूलों के लिए खतरा पैदा करने वाली ‘अति हिंसा’ की निंदा की। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने के बीच उन्होंने कहा कि किसी भी ‘दुर्घटना’ की जांच की जाएगी। पुलिस पर नस्लवादी रवैया अपनाने के आरोपों को उन्होंने खारिज किया।

फ्रांस में छात्र क्यों कर रहे प्रदर्शन?

छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों में संसाधनों की भारी कमी है। कक्षाओं में बुनियादी सुविधाओं जैसे डेस्क-कुर्सियों का अभाव है, गर्मियों में एसी न होने से कमरे उमस से भर जाते हैं और कुछ स्कूलों में चूहे तक मिल रहे हैं। इसके अलावा स्टाफ की कमी और अत्यधिक कार्यभार भी प्रमुख शिकायतें हैं। पेरिस के हेलीने बुशे हाई स्कूल में प्रदर्शनकारियों ने कूड़ेदानों और साइकिलों को सड़क पर रखकर अस्थायी बैरिकेड बनाया। स्कूल को बंद कर दिया गया था। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार को 891 स्कूलों में कक्षाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से निलंबित रहीं।

शिक्षा मंत्रालय ने शुरू किया ऑनलाइन पोर्टल

छात्रों की शिकायतों को सुनने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने एक ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया है। इसके जरिए हाई स्कूल के छात्र गुमनाम रूप से स्कूलों में आने वाली समस्याओं और जरूरी बदलावों के बारे में सुझाव दे सकते हैं। छात्र संगठनों ने कहा है कि मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। छात्र संघों की फेडरेशन की अध्यक्ष सुजैन निजडैम ने कहा कि सरकार के हाथ में अब यह तय करना है कि युवाओं और देश के भविष्य को राजनीतिक प्राथमिकता दी जाए। इस आंदोलन के बीच पड़ोसी देश बेल्जियम में भी छात्र प्रदर्शन देखने को मिले। मंगलवार को पूर्वी शहर लीज में 30 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया और कई पुलिसकर्मी घायल हुए। ब्रसेल्स समेत अन्य शहरों में भी छोटे प्रदर्शन हुए।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!