दुनिया

विदेश सचिव विक्रम मिस्री UAE के दौरे पर, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा; पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कही ये बात

Pahalgam Terror Attack: भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम अल हाशिम से मुलाकात की। बता दें, मिसरी की यह यात्रा ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार द्वारा वैश्विक संपर्क स्थापित करने के प्रयासों के तहत भेजे गए सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के हालिया यूएई दौरे के बाद हुई है।

Image

विदेश सचिव मिसरी ने यूएई के मंत्री से द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

Photo : ANI

Pahalgam Terror Attack: विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री रीम अल हाशिम से मुलाकात की और व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में बहुआयामी द्विपक्षीय साझेदारी का विस्तार करने के तौर तरीकों पर चर्चा की। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि मंगलवार को हुई बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के संपूर्ण पहलुओं की भी समीक्षा की। विज्ञप्ति के मुताबिक दोनों पक्षों की चर्चा व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संस्कृति, रक्षा, प्रौद्योगिकी, वाणिज्य दूतावास मामलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में बहुआयामी द्विपक्षीय साझेदारी के दायरे को विस्तारित करने पर केंद्रित थी।

मिसरी ने पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद यूएई नेतृत्व के समर्थन की सराहना की

इसमें कहा गया कि दोनों पक्षों ने आपसी हितों को बढ़ावा देने के लिए बहुपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की। विज्ञप्ति में कहा गया कि मिसरी ने पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद यूएई नेतृत्व द्वारा दिए गए समर्थन और एकजुटता की सराहना की। मिसरी ने मंगलवार को सहिष्णुता एवं सह-अस्तित्व मंत्री शेख नाहयान बिन मुबारक अल नाहयान से मुलाकात की और 43 लाख भारतीयों की देखभाल के लिए उनका धन्यवाद किया, जिन्होंने यूईए को अपना दूसरा घर बना लिया है। उन्होंने यूईए राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और परिषद में रक्षा मामलों, आंतरिक और विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष तथा अबू धाबी स्थित चरमपंथ और हिंसक चरमपंथ का मुकाबला करने के लिए उत्कृष्टता के अंतरराष्ट्रीय केंद्र - हेदयाह के अंतरराष्ट्रीय संचालन बोर्ड के अध्यक्ष अली राशिद अल नूमी के साथ एक सार्थक बैठक भी की।

विज्ञप्ति के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच बातचीत ने आतंकवाद के सभी रूपों से लड़ने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दोहराने का एक और अवसर प्रदान किया। इसमें कहा गया है कि विदेश सचिव की यूएई यात्रा दोनों पक्षों के बीच नियमित उच्च स्तरीय आदान-प्रदान के क्रम में हुई है, जो दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के गहरा होने को दर्शाता है। मिसरी की यह यात्रा ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार द्वारा वैश्विक संपर्क स्थापित करने के प्रयासों के तहत भेजे गए सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के हालिया यूएई दौरे के बाद हुई है। भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article