ऑटो न्यूज़

Avinya Series से पहले लॉन्च होगी Next Gen Nexon, जानिए क्या है Tata Motors का प्लान

टाटा मोटर्स अपने ग्राहकों के लिए Avinya Series लाने जा रही है। हालांकि, इससे पहले कंपनी Next Gen Nexon को पेश करेगी।

Image

Avinya Series से पहले आएगी Next Gen Nexon

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (Tata Motors) भारतीय ऑटो बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी आने वाले वर्षों में कई नए मॉडल लॉन्च करने की योजना पर काम कर रही है। टाटा मोटर्स ने वित्त वर्ष 2027 से 2031 के बीच करीब 37,500-40,000 करोड़ रुपये निवेश करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2031 तक भारतीय पैसेंजर व्हीकल बाजार में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करना और सालाना 12 लाख से ज्यादा गाड़ियों की बिक्री करना है।

उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दे रही कंपनी

बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए टाटा मोटर्स ने अपने सप्लायर्स से उत्पादन क्षमता बढ़ाने को कहा है। कंपनी अगले वित्त वर्ष से हर महीने करीब 1 लाख पैसेंजर व्हीकल बनाने की क्षमता तैयार करना चाहती है। फिलहाल टाटा मोटर्स करीब 75,000 गाड़ियां प्रति माह बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन सप्लायर्स की क्षमता सीमित होने के कारण उत्पादन को पूरी तरह बढ़ाना संभव नहीं हो पा रहा है। कंपनी इस दशक के अंत तक अपने पोर्टफोलियो में छह नए नेमप्लेट जोड़ने की योजना बना रही है। इससे टाटा मोटर्स के पोर्टफोलियो में कुल मॉडल की संख्या 15 तक पहुंच सकती है।

अगली बड़ी लॉन्चिंग नेक्स्ट जेनरेशन नेक्सॉन

टाटा मोटर्स की अगली बड़ी लॉन्चिंग नेक्स्ट जेनरेशन नेक्सॉन (next gen tata nexon) होगी। कंपनी ने इसकी टेस्टिंग भारतीय सड़कों पर शुरू कर दी है। इंटरनल कोडनेम ‘Garud’ वाली नई Nexon को 2027 की दूसरी तिमाही यानी अप्रैल-जून के बीच लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। संभावना है कि इसके प्रोडक्शन वर्जन को 2027 Bharat Mobility Global Expo में पेश किया जा सकता है।

नए बदलावों के साथ एंट्री लेगी नेक्सॉन

नई Nexon के डिजाइन में मौजूदा मॉडल के मुकाबले कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें ज्यादा फ्लैट रूफलाइन, लंबा और सीधा C-पिलर, नया A-पिलर, चौड़े रियर हंच और नए व्हील आर्च मिल सकते हैं। केबिन में बड़ा डुअल-स्क्रीन सेटअप, ऑगमेंटेड रियलिटी HUD, Level-2 ADAS, पैनोरमिक सनरूफ और बेहतर कनेक्टेड-कार फीचर्स दिए जाने की उम्मीद है।

नई Nexon को Tata के Acti ev प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा सकता है। कंपनी पेट्रोल, CNG और इलेक्ट्रिक के साथ अपनी मल्टी-फ्यूल रणनीति जारी रख सकती है। इसमें 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल और ट्विन-सिलेंडर iCNG विकल्प बरकरार रहने की संभावना है, जबकि फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन भी जोड़ा जा सकता है।

Avinya से प्रीमियम EV सेगमेंट में एंट्री

नेक्सॉन के बाद टाटा मोटर्स प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार बाजार में Avinya सीरीज के जरिए अपनी मौजूदगी मजबूत करेगी। इसका पहला मॉडल 2025 Bharat Mobility Global Expo में पेश किए गए Avinya X Concept पर आधारित हो सकता है। Avinya मॉडल्स के लिए टाटा मोटर्स अपने ब्रिटिश लग्जरी ब्रांड Jaguar Land Rover की EMA प्लेटफॉर्म टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगी। Avinya X में दोनों एक्सल पर इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की उम्मीद है, जिससे ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलेगा।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article