Explosion at Qatar’s Ras Laffan: कतर के गैस संयंत्र रास लफान में रविवार को एक बड़ा विस्फोट हुआ। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 54 लोगों के घायल होने और 18 अन्य के लापता होने की खबर है। इस हादसे पर कतर ने कहा कि यह हादसा उस समय हुआ जब देश के सबसे बड़े नेचुरल गैस निर्यात टर्मिनल में एक संयंत्र को दोबारा चालू करने की कोशिश की जा रही थी। इस घटना के बाद एलएनजी की आपूर्ति बाधित हो सकती है और एलपीजी उपभोक्ताओं को संकट का सामना करना पड़ सकता है।
रास लफान पर ईरान ने किया था हमला
बता दें कि रास लफान में दुनिया का सबसे बड़ा गैस फील्ड है। कुछ दिनों पहले ईरान ने कतर के इस संयंत्र को निशाना बनाकर हमले किए। बताया जाता है कि इस हमले में कतर को करीब 100 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। हमले के बाद कतर ने कहा कि इस संयंत्र को पूरी तरह से ठीक होने में करीब पांच साल का समय लग सकता है।
बरजान गैस प्लांट में विस्फोट हुआ
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक कतर के घरेलू बाजार को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति करने वाले प्रमुख बरजान गैस प्लांट में यह विस्फोट हुआ। यह संयंत्र दोहा के उत्तर में स्थित रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में है और कतर के प्रमुख तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) प्रसंस्करण केंद्र का हिस्सा होने के साथ-साथ देश के ऊर्जा बुनियादी ढांचे का एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।
विस्फोट की तेज आवाज पूरे क्षेत्र में सुनाई दी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट की तेज आवाज पूरे क्षेत्र में सुनाई दी, यहां तक कि राजधानी दोहा तक भी इसकी गूंज पहुंची। कई मील दूर से ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार दिखाई दिया। घटना के तुरंत बाद आग पर काबू पाने के लिए आपातकालीन सेवाओं और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
कतर एनर्जी ने इसे 'ऑपरेशनल घटना' बताया
सरकारी ऊर्जा कंपनी कतर एनर्जी ने इसे एक 'ऑपरेशनल घटना' बताया, जबकि कतर के गृह मंत्रालय ने इसे तकनीकी दुर्घटना करार दिया। मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह विस्फोट उस समय हुआ जब संयंत्र में उपकरणों को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया चल रही थी और कर्मचारी स्टार्ट-अप ऑपरेशन पर काम कर रहे थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना के बाद किसी भी तरह के खतरनाक गैस या अन्य पदार्थ के रिसाव का पता नहीं चला है। कतरएनर्जी और सरकारी एजेंसियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आसपास के समुदायों या औद्योगिक इकाइयों के लिए कोई खतरा नहीं है।
विस्फोट के कारणों की जांच जारी है। कतरएनर्जी ने अभी तक यह नहीं बताया है कि संयंत्र को कितना नुकसान पहुंचा है और इस घटना का उसकी परिचालन गतिविधियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
