दुनिया

तनाव के बीच राहत... दुबई एयरपोर्ट पर सीमित ऑपरेशन बहाल, एमिरेट्स फ्लाइट से भारत सुरक्षित लौटे 217 यात्री

खाड़ी क्षेत्र में सैन्य तनाव के कारण दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित चल रही हैं। लेकिन अब एमिरेट्स और एतिहाद एयरवेज ने सीमित संचालन फिर शुरू कर दिया है। जिसके बाद दुबई से 217 भारतीय वापस लौट आए हैं।

Image

फाइल फोटो

Photo : iStock

खाड़ी क्षेत्र में सैन्य तनाव के बीच हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। लेकिन अब यूएई के एमिरेट्स और एतिहाद एयरवेज ने सीमित संचालन फिर शुरू किया है। जिसके बाद दुबई में फंसे 217 भारतीय यात्री एमिरेट्स की स्पेशल फ्लाइट से वापस लौटे। इससे पहले दुबई एयरपोर्ट्स ने यूएस-इजरायल के संयुक्त ऑपरेशन के जवाब में ईरान के हमले को देखते हुए एयरपोर्ट को बंद कर दिया था, जिससे हजारों यात्री फंस गए थे।

दुबई से मुंबई आए एक यात्री अजय ने बताया, “हमारी दुबई से अमेरिका के लिए फ्लाइट थी, जब फ्लाइट ने उड़ान नहीं भरी तो हमें लगा कि शायद कोई तकनीकी समस्या होगी। करीब 7-8 घंटे बाद हमें बताया गया कि जंग छिड़ गई है। जिसके बाद एमिरेट्स की बसें आईं और सभी यात्रियों को होटलों में ले गईं। जैसे ही हमें पता चला कि मुंबई के लिए फ्लाइट जाएगी, हमने तुरंत संपर्क किया और यहां आ गए। वहां हालात अब धीरे-धीरे कंट्रोल में आ रहे हैं।”

एमिरेट्स-एतिहाद ने फिर भरी उड़ान

यूएई के एमिरेट्स और एतिहाद एयरवेज ने सोमवार को ऐलान किया कि वे कुछ फ्लाइट्स का ऑपरेशन शुरू कर रही हैं। एमिरेट्स ने कहा कि वह पहले से बुकिंग करा चुके उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देगी। वो चरणबद्ध तरीके से सेवाएं शुरू कर रही है। एयरलाइन उन यात्रियों से सीधे संपर्क साधेगी जिनकी इन सीमित उड़ानों में रीबुकिंग हुई है। उसने एक बयान में कहा, "कृपया एयरपोर्ट पर तब तक न जाएं जब तक आपको नोटिफाई न किया जाए।"

दुबई की एयरलाइन ने कहा कि अगली सूचना तक बाकी सभी फ्लाइट्स सस्पेंड रहेंगी। उसने कहा कि वह हालात पर नजर रखे हुए है और उसी के हिसाब से अपने ऑपरेशनल शेड्यूल को समायोजित करेगी। अपडेट्स 'एमिरेट्सडॉटकॉम' और उसके आधिकारिक सोशल मीडिया चैनल्स पर प्रकाशित किए जाएंगे। एयरलाइंस ने कहा, "हम अपने उपभोक्ताओं को उनकी समझ और सब्र के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं," और पैसेंजर्स की सुरक्षा की भी हमें चिंता है।

इस बीच, एतिहाद ने एक बयान में कहा कि वह "यूएई अधिकारियों से तालमेल कर और सख्त ऑपरेशनल और सेफ्टी अप्रूवल के तहत" कुछ रीपोजिशनिंग कराएगी और, कार्गो के अलावा रिपैट्रिएशन फ्लाइट्स (फंसे लोगों की स्वदेश वापसी से संबंधित उड़ानें) चलाएगी। हालांकि, अधिकारियों ने सामान्य ऑपरेशन्स के पूरी तरह से ठीक होने के लिए कोई समय अवधि नहीं बताई है।

दुबई इंटरनेशनल में आंशिक ऑपरेशन बहाल

दुबई एयरपोर्ट्स ने कहा कि रविवार शाम से दुबई इंटरनेशनल और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल – अल मकतूम इंटरनेशनल से कुछ फ्लाइट्स को ऑपरेट करने की इजाजत दी जाएगी। हालांकि, यूएई की जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा, "यूएई एयरपोर्ट्स पर अब कुछ खास फ्लाइट्स ऑपरेट हो रही हैं। जब तक आपकी एयरलाइन आपको कन्फर्म फ्लाइट डिटेल्स के साथ कॉन्टैक्ट न करे, तब तक एयरपोर्ट पर न जाएं ताकि सभी के लिए प्रोसेस आसान हो।"

मिसाइल और ड्रोन हमलों की वजह से खाड़ी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर एयरस्पेस बंद होने के बाद यह थोड़ा-बहुत फिर से खोला गया है। सप्ताहांत में कई खाड़ी हवाईअड्डों को नुकसान पहुंचने की खबर है, क्योंकि ईरान ने जवाबी कार्रवाई में खाड़ी देशों में अमेरिकी बेस पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। एयरलाइंस को ऑपरेशन रोकने पड़े, जिससे दुबई, अबू धाबी और दोहा में हजारों यात्री फंस गए। ये पश्चिम और पूर्व के बीच ग्लोबल फ्लाइट्स के लिए मुख्य ट्रांजिट हब हैं।

दुनिया के सबसे व्यस्त इंटरनेशनल हब, दुबई इंटरनेशनल, ने सुरक्षा चिंताओं के कारण रेगुलर ऑपरेशन रोक दिए थे। इस बंदी से ग्लोबल फ्लाइट नेटवर्क में रुकावट आई। एमिरेट्स, एतिहाद एयरवेज, और कतर एयरवेज हब-एंड-स्पोक मॉडल चलाते हैं जो खाड़ी के रास्ते एशिया, यूरोप, अफ्रीका और अमेरिका के बीच लंबी दूरी के ट्रैफिक को जोड़ते हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article