Indian American Jasmer Singh killed: अमेरिका में एक बार फिर सिखों के खिलाफ हिंसा का मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क शहर में एक कार दुर्घटना के बाद 30 वर्षीय एक शख्स द्वारा बार-बार मुक्का मारे जाने से एक बुजुर्ग सिख की मौत हो गई। 66 वर्षीय जसमेर सिंह को गंभीर हालत में क्वींस के जमैका हॉस्पिटल मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां 19 अक्टूबर को उन पर हमले के एक दिन बाद मस्तिष्क की चोट के कारण उनकी मृत्यु हो गई।
न्यूयॉर्क स्थित डेली न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी गिल्बर्ट ऑगस्टिन को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने कहा कि सिंह और ऑगस्टिन की कारें 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे केव गार्डन में हिलसाइड एवेन्यू के पास वैन विक एक्सप्रेसवे पर टकरा गईं थीं। अभियोजकों ने गवाहों के हवाले से कहा कि उन्होंने एक व्यक्ति को "कोई पुलिस नहीं, कोई पुलिस नहीं" कहते हुए सुना, जब सिंह 911 पर कॉल करने गए और उन्होंने उसे सिंह के हाथों से फोन छीनते हुए देखा। डेली न्यूज ने कहा कि सिंह कार से बाहर निकले और अपना फोन वापस पाने की कोशिश में ऑगस्टिन का पीछा किया।
सिर और चेहरे पर किए गए वार
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि जब सिंह अपना फोन वापस लेने के बाद अपनी कार की ओर वापस जा रहे थे, तो ऑगस्टिन ने उनके सिर और चेहरे पर तीन बार मुक्का मारा। सिंह जमीन पर गिर गए और उनके सिर पर चोट लगी, जबकि ऑगस्टिन वापस अपनी फोर्ड मस्टैंग में बैठा और चला गया। पुलिस ने ऑगस्टिन को दुर्घटनास्थल से लगभग दो मील दूर गिरफ्तार किया और पाया कि उसका लाइसेंस निलंबित था और उसकी अलबामा लाइसेंस प्लेट उसके न्यूयॉर्क पंजीकरण से मेल नहीं खाती थी।
भारवंशी मेयर ने जताया दुख
न्यूयॉर्क और अमेरिका के अन्य हिस्सों में सिखों के खिलाफ घृणा अपराध की हालिया घटनाओं को नफरत एवं हिंसा को निंदनीय कृत्य बताते हुए अमेरिकी प्रांत न्यूजर्सी के होबोकेन शहर के मेयर ने देश में अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ बढ़ते घृणा अपराधों पर रविवार को चिंता व्यक्त की। मेयर रवि एस भल्ला ने कुछ दिन पहले खुलासा किया था कि उन्हें कई ऐसे पत्र मिले हैं, जिनमें उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई है। भल्ला ने कहा, मैं घृणा अपराध की हालिया घटनाओं से परेशान और दुखी हूं, जिन्होंने रिचमंड हिल, न्यूयॉर्क में सिख समुदाय को हिलाकर रख दिया है, जहां एक सिख व्यक्ति पर हमला किया गया, उसकी पगड़ी को जबरन हटाने का प्रयास किया गया और एक अन्य वरिष्ठ सिख व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार किया गया। भल्ला ने कहा, दोनों सिख नागरिकों पर हिंसक हमला हुआ और चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
(एजेंसी इनपुट)
