फिलीपींस के दक्षिणी प्रांत में शुक्रवार सुबह 7.6 तीव्रता का भूकंप आया जिसके बाद सुनामी का खतरा पैदा हो गया। फिलीपीन के ज्वालामुखी विज्ञान और भूकंप संस्थान ने कहा कि इस भूकंप से नुकसान तथा बाद में और झटकों की आशंका है। भूकंप का केंद्र समुद्र में मनाय शहर से लगभग 62 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में दावाओ ओरिएंटल प्रांत के पास स्थित था।
समुद्र में खतरनाक लहरें उठने की आशंका
होनोलूलू स्थित प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि भूकंप के कारण इसके केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में समुद्र में खतरनाक लहरें उठने की आशंका है। उसने हालांकि यह भी स्पष्ट किया कि इससे बड़े पैमाने पर सुनामी का खतरा नहीं है।
सड़कों पर जमा हुए लोग
सुनामी के खतरे को देखते हुए दवाओ शहर में बच्चों को स्कूलों से बाहर निकाला गया। इस शहर में लगभग 54 लाख लोग रहते हैं। यह शहर भूकंप के केंद्र के सबसे नजदीक है।
भूकंप के झटके के बाद सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हुए, जिसमें देखा जा सकता है कि लोग घरों से बाहर निकलर सड़कों पर जमा हो गए।
भूकंप ने मचाई थी जबरदस्त तबाही
हाल ही में फिलीपींस में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें कम से कम 74 लोग मारे गए थे और सेंट्रल प्रांत से कई लोग विस्थापित हुए थे।
दुनिया के सबसे आपदा-ग्रस्त देशों में शामिल यह देश भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोटों के लिए जाना जाता है, क्योंकि यह पैसिफिक “रिंग ऑफ फायर” पर स्थित है। यहाँ हर साल लगभग 20 तूफान और आंधियां आती हैं, जिससे आपदा प्रबंधन सरकार और स्वयंसेवी समूहों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।
