Durga Puja In Bangladesh: दुर्गा पूजा त्योहार के बीच बांग्लादेश के खगराचारी में हिंसा फैल गई है। इस हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई है। इलाके में तनाव बना हुआ है। हिंसक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए बांग्लादेश की सेना और पुलिस तैनात कर दी गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एक आदिवासी स्कूली छात्रा के साथ कथित बलात्कार की घटना को लेकर तनाव फैल गया। जम्मु स्टूडेंट्स नामक एक समूह ने बलात्कार के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया।
बता दें कि बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पिछले साल हिंदुओं पर हुए हमलों को देखते हुए इस साल, दो लाख से अधिक सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। ढाका के ढाकेश्वरी राष्ट्रीय मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। पूजा उत्सव परिषद के अध्यक्ष ने सरकार द्वारा दी गई सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया है।
बांग्लादेश में 33 हजार से ज्यादा पंडाल बनाए गए
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष पूजा 33,350 मंडपों या अस्थायी रूप से सजाए गए पंडालों में की जा रही है।गृह सलाहकार सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल एम जहांगीर आलम चौधरी ने बताया कि पूजा की सुरक्षा में लगभग दो लाख अर्धसैनिक पुलिस बल और 15,000 से अधिक अर्धसैनिक बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के 430 प्लाटून तैनात किए गए हैं।
11 जगहों पर बाधा डालने की हुई कोशिश: बासुदेव धर
बांग्लादेश पूजा महोत्सव परिषद के अध्यक्ष बासुदेव धर ने पीटीआई को बताया, “हमें उम्मीद है कि इस साल पूजा धूमधाम से मनाई जाएगी। हम सरकार द्वारा दी गई सहायता और सुरक्षा व्यवस्था से खुश हैं।” उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस साल देश भर में पूजा मंडपों की संख्या में वृद्धि हुई है।
बासुदेव धर ने बताया कि अब तक परिषद को 11 जगहों से ‘बाधा उत्पन्न करने की मामूली घटनाओं की सूचना मिली हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया।
