दुनिया

बगदाद में मिलिट्री बेस पर ड्रोन हमला, इजरायल में गिरी मिसाइल, ट्रंप के सीजफायर दावे में कितनी सच्चाई?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने एक संदेश में कहा कि 24 घंटे का चरणबद्ध संघर्षविराम मंगलवार मध्यरात्रि के आसपास शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इससे युद्ध का ‘आधिकारिक तौर पर अंत’ होगा। ट्रंप ने पोस्ट किया, ‘इजरायल और ईरान के बीच इस बात पर पूरी तरह से सहमति बन गई है कि पूर्ण संघर्षविराम होगा।’ट्रंप ने कहा कि संघर्षविराम ईरान की तरफ से शुरू होगा और फिर 12 घंटे बाद इजराइल भी इसमें शामिल हो जाएगा।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति ने इजरायल-ईरान के बीच सीजफायर होने का दावा किया है।

Israel-Iran Ceasefire : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर के दावे के बीच हमले रुके नहीं हैं। इराक में बगदाद के पास एक सैन्य बेस पर ड्रोन से हमला होने की खबर है जबकि इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने कहा है कि ईरान की तरफ से दागी गई एक मिसाइल के बाद इजरायल में सायरन की आवाज सुनी गई है। दरअसल, ये ताजे हमले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के उस दावे के बाद हुए हैं जिसमें उन्होंने कहा है कि ईरान और इजरायल दोनों सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रूथ सोशल पर ट्रंप ने सोमवार रात दावा किया कि ईरान और इजरायल दोनों 'पूरी तरह से सीजफायर लागू करने पर सहमत हो गए हैं और यह समझौता 12 दिनों से जारी युद्ध को खत्म कर रहा है।'

बाद में ईरान ने सीजफायर होने का संकेत दिया

हालांकि, ट्रंप के इस दावे को शुरू में ईरान ने यह कहते हुए खारिज दिया कि सीजफायर जैसी कोई चीज नहीं हुई है। फिर भी ईरान के विदेश मंत्री अब्बास आराकची ने संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच सीजफायर हो सकता है और यह तभी हो सकता है जब इजरायल अपने हमलों को रोके। विदेश मंत्री ने 'अंतिम समय तक लड़ाई जारी रखने के लिए' ईरान के सशस्त्र बलों को धन्यवाद दिया।

अब इजरायल डिफेंस फोर्स के एक ताजा ट्वीट में कहा गया है कि 'ईरान से दागी गई एक मिसाइल के बाद इजरायल में सायरन की आवाज सुनी गई है।' जबकि रॉयटर्स ने इराक की समाचार एजेंसी के हवाले से कहा है कि बगदाद के समीप ताजी सैन्य बेस में सेना के एक रडार को ड्रोन से निशाना बनाया गया। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।

युद्ध का ‘आधिकारिक तौर पर अंत’ होगा-ट्रंप

ट्रंप ने अपने एक संदेश में कहा कि 24 घंटे का चरणबद्ध संघर्षविराम मंगलवार मध्यरात्रि के आसपास शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इससे युद्ध का ‘आधिकारिक तौर पर अंत’ होगा। ट्रंप ने पोस्ट किया, ‘इजरायल और ईरान के बीच इस बात पर पूरी तरह से सहमति बन गई है कि पूर्ण संघर्षविराम होगा।’ट्रंप ने कहा कि संघर्षविराम ईरान की तरफ से शुरू होगा और फिर 12 घंटे बाद इजराइल भी इसमें शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘यह एक ऐसा युद्ध है जो वर्षों तक जारी रहता और यह पूरे पश्चिम एशिया को नष्ट कर सकता था लेकिन ऐसा नहीं हुआ और कभी नहीं होगा!’

कतर स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला

ईरान ने सोमवार को कतर स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइल हमला किया। अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु स्थलों पर बमबारी के जवाब में उठाए गए इस कदम से अस्थिर क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका ने पुष्टि की है कि कतर स्थित वायु सेना अड्डे पर ईरान की ओर से मिसाइल हमला किया गया। उसने कहा कि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हमले के तुरंत बाद, खाड़ी देश बहरीन ने अपने हवाई क्षेत्र में उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया। बहरीन में अमेरिका का पांचवां बेड़ा मुख्यालय स्थित है। ईरान के हमले से कुछ समय पहले कतर ने भी अपने हवाई क्षेत्र में उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article