Donald Trump on Strait of Hormuz: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार शाम को एयर फोर्स वन में सवार होने से पहले पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। राष्ट्रपति वीकेंड के लिए फ्लोरिडा जाने की तैयारी में थे। इस बीच उन्होंने ईरान से युद्ध पर कुछ बातें कहीं। यह पूछे जाने पर कि युद्ध कितने समय तक चलेगा तो डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मैं आपको कोई समय-सीमा नहीं दूंगा, लेकिन हम तय समय से काफी आगे चल रहे हैं।'
होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से कैसे निकलेंगे टैंकर?
वहीं, इस दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसेना जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य से टैंकरों को सुरक्षा प्रदान करेगी। बता दें कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है, जिसके माध्यम से भारत समेत अलग-अलग देशों को ऊर्जा आयात का एक बड़ा हिस्सा आता है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का सबसे व्यस्त तेल शिपिंग मार्ग है। यहां कई जहाजों पर हमले होने की खबर है। अभी 4 दिन पहले भारत आ रहे एक तेल टैंकर पर ईरानी सेना ने उस समय गोलीबारी की जब वह होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहा था।
ईरान ने धमकी दी है कि वह इस स्ट्रेट (जलडमरूमध्य) से गुजरने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को 'आग के हवाले' कर देगा, लेकिन इसके बावजूद थोड़ा बहुत जहाजी आवागमन जारी है। इस रूट को बंद करना कितना खतरनाक हो सकता है। यह भारत में LPG गैस की किल्लत से समझा जा सकता है।
भारत के लिए रास्ता खोलेगा ईरान?
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय ध्वज वाले कई जहाजों के फंसे होने के बीच भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फताली ने शुक्रवार को कहा कि 'हम इस मुद्दे को हल करने के लिए अपनी पूरी कोशिश करेंगे।' दिल्ली में एक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बातचीत करते हुए फताली ने कहा, 'ईरान और भारत मित्र हैं। हमारे हित समान हैं, हमारे विश्वास समान हैं।' युद्ध के जारी रहने के बीच राजदूत ने कहा, 'ईरान जंग नहीं चाहता लेकिन हम जंग के लिए तैयार हैं।'
बता दें कि होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच एक रणनीतिक संकरा समुद्री मार्ग है। अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले शुरू करने और तेहरान द्वारा जवाबी कार्रवाई में इस क्षेत्र को निशाना बनाने के बाद से सैकड़ों जहाज इस समुद्री मार्ग में फंसे हुए हैं।
