India Pakistan Tension: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक बार फिर से भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि मैंने पिछली गर्मियों में भारत और पाकिस्तान को कहा था कि अगर दोनों देशों ने लड़ाई नहीं रोकी तो वह उन पर 200 फीसदी टैरिफ लगा दूंगा।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अपने दूसरे कार्यकाल के पहले साल में आठ लड़ाइयों को रोकने का दावा दोहराया। उन्होंने यह टिप्पणी वाशिंगटन में बोर्ड ऑफ पीस के एक इवेंट के दौरान की। हालांकि, भारत लगातार इस बात से इनकार करता रहा है कि सीजफायर के लिए किसी तीसरे देश से मदद ली गई है।
ट्रंप ने फिर दिया बड़बोला बयान
कार्यक्रम में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी मौजूद थे। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बात की थी। ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों से कहा था कि यदि वे लड़ाई नहीं रोकेंगे तो अमेरिका उनके साथ व्यापार समझौते नहीं करेगा और 200 प्रतिशत टैरिफ लगा देगा।
समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने कार्यक्रम के दौरान शरीफ को खड़े होने के लिए बोला और फिर कहा, ''मैंने प्रधानमंत्री मोदी से बात की। वह एक्साइटेड हैं। वह अभी हमें देख रहे हैं।'' ट्रंप ने कहा, "पाकिस्तान और भारत... यह एक बड़ी बात थी। मुझे लगता है कि आपको सच में खड़ा होना चाहिए, आइए प्लीज़ बस एक सेकंड के लिए खड़े हो जाइए। पाकिस्तान और भारत... आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।"
पिछले साल गर्मियों में भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध समाप्त करने के बारे में बात करते हुए, ट्रंप ने कहा कि उन्हें शरीफ और देश के फील्ड मार्शल और चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज आसिम मुनीर पसंद हैं, जिन्हें उन्होंने महान व्यक्ति बताया। ट्रंप ने कहा, '' ...जब मैं उनसे (शरीफ से) मिला, तब कुछ लड़ाई चल रही थी और आपके फील्ड मार्शल जनरल। महान, महान जनरल। महान फील्ड मार्शल, एक महान व्यक्ति।''
2.5 करोड़ जानें बचाने का दावा
ट्रंप ने इस बात को दोहराया कि शरीफ ने दावा किया था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोककर 25 मिलियन यानी 2.5 करोड़ लोगों की जान बचाई। इससे पहले, ट्रंप ने दावा किया था कि शरीफ ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों के बीच संघर्ष समाप्त करके एक करोड़ लोगों की जान बचाई थी।
ट्रंप ने कहा, "मैंने कहा था कि 25 मिलियन जानें बचाईं, असल में यह और भी ज़्यादा हो सकती थीं, लेकिन सच में यह एक खूबसूरत बात थी... वह जंग ज़ोरों पर थी। विमान गिराए जा रहे थे, और वह पाकिस्तान और भारत थे।
भारत-PAK से फोन पर लगातार की बात
ट्रंप इतने में ही नहीं रुके। उन्होंने कहा, ''मैं उन दोनों से फोन पर बात करता था, और मैं उन्हें (शरीफ) थोड़ा बहुत जानता था। मैं असल में पीएम मोदी को बहुत अच्छे से जानता था। मैं पाकिस्तान को थोड़े-बहुत ट्रेड से जान गया था। वे बहुत अच्छी डील करने की कोशिश कर रहे थे, और मैं उनसे थोड़ा नाराज़ हो जाता था। और आखिर में, उन्हें वह मिल गया, जो वे चाहते थे, है ना? और उन्होंने एक अच्छी डील की, और मैं उन्हें पसंद करने लगा, प्रधानमंत्री, फील्ड मार्शल, जो एक टफ आदमी हैं, एक टफ अच्छे फ़ाइटर, सीरियस फ़ाइटर। मुझे असल में अच्छे फ़ाइटर पसंद हैं।" इस दौरान, ट्रंप ने कहा कि उस दौरान 11 महंगे जेट्स मार गिराए गए थे।
