US Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल सीजफायर चल रहा है, लेकिन उसकी स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को तेहरान को एक फिर सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के लिए समय तेजी से खत्म हो रहा है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ' पर एक पोस्ट में कहा, ''ईरान के लिए समय तेजी से खत्म हो रहा है। उन्हें बहुत तेजी से कदम उठाने होंगे, वरना उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा। समय बेहद महत्वपूर्ण है।'' ट्रंप की हालिया चेतावनी ऐसे समय में आई जब होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और अमेरिका-ईरान रिश्ते एक बार फिर बेहद नाजुक दौर में पहुंच गए हैं।
युद्ध की आशंकाओं को मिला बल
इससे पहले, ट्रंप ने एक एआई निर्मित पोस्टर साझा करते हुए कहा था- It Was The Calm Before The Storm। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ' पर एआई निर्मित पोस्टर शेयर किया था। इस पोस्टर में ट्रंप 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' (Make America Great Again) वाली कैप पहले नौसेना के एक जहाज पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। ट्रंप के साथ एक वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारी भी मौजूद है। तस्वीर में तूफानी मौसम, कड़कड़ाती हुई बिजली और पीछे ईरानी झंडे वाले युद्धपोत दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह पोस्ट और अधिक चर्चा में आ गई।
द न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप की यह पोस्ट ऐसे समय पर आई जब व्हाइट हाउस तेहरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई के विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि वरिष्ठ अधिकारी नई सैन्य रणनीतियों का खाका तैयार कर रहे हैं, जिन्हें कूटनीतिक बातचीत पूरी तरह विफल होने की स्थिति में लागू किया जा सकता है। इससे पहले, ट्रंप ने ईरान के हालिया प्रस्ताव को खारिज कर दिया। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, ''अगर मुझे पहला वाक्य पसंद नहीं आता, तो मैं उसे फेंक देता हूं।''
