Pam Bondi : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बढ़ा कदम उठाते हुए गुरुवार को अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को उनके पद से हटा दिया। बताया जा रहा है कि ट्रंप ने यह फैसला बॉन्डी के कामकाज से बढ़ती नाराजगी के बीच लिया गया, जिसमें दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों को संभालने का मुद्दा भी शामिल था। बॉन्डी की गिनती ट्रंप प्रशासन के करीबी लोगों में होता है। पद संभालने के बाद इन्होंने बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की निगरानी की थी। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप उनसे इसलिए नाराज थे क्योंकि वह उनके आलोचकों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई तेजी से आगे नहीं बढ़ा पाईं, जबकि ट्रंप चाहते थे कि उन पर जल्द मुकदमा चलाया जाए।
पद से हटाने से पहले ट्रंप ने की तारीफ
बॉन्डी को हटाने की घोषणा करते हुए ट्रंप ने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बॉन्डी ने अपराध पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए 'बेहतरीन काम' किया और वह एक 'वफादार दोस्त' और 'देशभक्त' हैं। हालांकि, व्हाइट हाउस पर करीबी नजर रखने वालों के लिए उनकी बर्खास्तगी चौंकाने वाली नहीं थी। न्याय विभाग में उनके नेतृत्व को लेकर राष्ट्रपति की नाराजगी बढ़ती जा रही थी। खासतौर पर जेफ्री एपस्टीन से जुड़े मामलों को संभालने के तरीके को लेकर, जो प्रशासन के लिए छवि पर असर डालने वाला मुद्दा बन गया था। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की मुख्य जांच समिति ने हाल ही में उन्हें कानूनी रूप से तलब किया था, ताकि वह जेफ्री एपस्टीन मामले में अपने विभाग की जांच के बारे में गवाही दे सकें।
क्रिस्टी नोएम के बाद दूसरी अधिकारी जिन्हें हटाया
बॉन्डी ने हालांकि एपस्टीन फाइल्स जारी करने का बचाव किया और कहा कि इस मुद्दे पर ट्रंप प्रशासन पिछले राष्ट्रपतियों की तुलना में अधिक पारदर्शी रहा है। अटॉर्नी जनरल बॉन्डी की आलोचना करते हुए मैरीलैंड के डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि जेमी रास्किन ने कहा, 'आपने जनता के न्याय विभाग को ट्रंप के बदले की कार्रवाई का एक औजार बना दिया है।' बॉन्डी ट्रंप प्रशासन की दूसरी वफादार अधिकारी हैं जिन्हें एक महीने के भीतर हटाया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने 5 मार्च को होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम को भी एजेंसी के प्रबंधन और ट्रंप की आव्रजन नीति को लेकर आलोचना के बाद पद से हटा दिया था।
कौन हैं पाम बॉन्डी?
पाम बॉन्डी अमेरिका की एक प्रमुख रिपब्लिकन नेता और वकील हैं। उनका जन्म फ्लोरिडा के टम्पा में 17 नवंबर 1965 को हुआ। वह 2011 से 2019 तक फ्लोरिडा की अटॉर्नी जनरल रहीं और इस पद पर रहने वाली पहली महिला थीं। अपने कार्यकाल में उन्होंने ड्रग्स, धोखाधड़ी और उपभोक्ता संरक्षण जैसे मामलों पर काम किया। बॉन्डी की गिनती ट्रंप के करीबी सहयोगियों में होती रही है। 2020 में ट्रंप के पहले महाभियोग प्रक्रिया के दौरान वह उनकी कानूनी टीम का हिस्सा थीं और उनकी रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
