दुनिया

Pakistan Richest Hindu: पाकिस्तान के सबसे अमीर हिंदू हैं दीपक पेरवानी, जानिए कितनी है नेटवर्थ, क्या करते हैं

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 2, 2023, 12:44 PM IST

पाकिस्तान के नाजुक हालात के बावजूद वहां हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यकों के साथ दोयम दर्जे का बर्ताव किया जा रहा है। इसके बावजूद दीपक पेरवानी जैसे लोग नाम और शोहरत कमा रहे हैं।

Image

पाकिस्तान के सबसे अमीर हिंदू दीपक पेरवानी (Twitter account)

Pakistan Richest Hindu: पाकिस्तान इन दिनों एक बड़े आर्थिक संकट से जूझ रहा है और देश में रोजमर्रा के खाने की चीजें जैसे आटा, चावल, अंडे, दूध जैसी चीजों की भारी कमी हो गई है। महंगाई चरम पर है और आम नागरिक जरूरी खाद्य पदार्थों के लिए आपस में ही लड़ रहे हैं। पाकिस्तान अपने देश के हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक मानने के लिए दुनिया भर में बदनाम है, लेकिन तमाम कठिनाइयों के बावजूद कुछ हिंदू ऐसे हैं जो अपना नाम बनाने और दौलत कमाने में कामयाब रहे हैं। ऐसे ही कुछ लोग पाकिस्तान के सबसे अमीर लोगों में गिने जाते हैं। दीपक पेरवानी ऐसे ही एक शख्स हैं जो मेहनत से करोड़पति बने हैं और पाकिस्तान में सबसे अमीर हिंदू हैं।

मशहूर फैशन डिजाइनर और अभिनेता हैं दीपक पेरवानी

1973 में पाकिस्तान के मीरपुर खास में जन्मे दीपक पेरवानी एक मशहूर फैशन डिजाइनर और अभिनेता हैं। दीपक पेरवानी पाकिस्तान के हिंदू सिंधी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने पाकिस्तान फैशन उद्योग में कई पुरस्कार जीते हैं। 2022 में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक उनकी सालाना नेटवर्थ करीब 71 करोड़ रुपए है। उन्हें अपने योगदान के लिए राष्ट्रपति से भी पुरस्कार मिल चुका है।

दीपक पेरवानी एक अभिनेता भी हैं। उन्होंने मेरे पास पास (हम टीवी) और कदूरत (हम टीवी पर 2013) जैसे लोकप्रिय पाकिस्तानी टीवी धारावाहिकों में अभिनय किया है। उन्होंने रोमांटिक कॉमेडी पंजाब नहीं जाउंगी (2017) में भी काम किया है।

deepakPerwani twitter.

दीपक पेरवानी (Twitter)

दीपक के भाई नवीन भी मशहूर खेल हस्ती

दीपक पेरवानी के भाई नवीन परवानी भी मशहूर खिलाड़ी हैं। नवीन का जन्म 30 अक्टूबर 1971 को हुआ था। नवीन पाकिस्तान के स्नूकर खिलाड़ी रह चुके हैं। साल 2006 में कतर के दोहा में हुए एशियाई खेलों में नवीन ने पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था।

बता दें कि सियासी संकट के साथ-साथ पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति भी इन दिनों बेहद खराब है। वह आईएमएफ से कर्ज के लिए गिड़गिड़ा रहा है। देश के नाजुक हालात के बावजूद वहां हिंदुओं और दूसरे अल्पसंख्यकों के साथ दोयम दर्जे का बर्ताव किया जाता है। हिंदुओं पर जुल्म की खबरें आए दिन सुर्खियां बनती हैं। नाबालिग लड़कियों को अगवा करके जबरन उनसे शादी करके उनका धर्म बदल दिया जाता है। ऐसे अनगिनत घटनाएं हैं जिसमें हिंदुओं पर एक से बढ़कर एक जुल्म किए गए हैं। इसके बावजूद दीपक पेरवानी जैसे लोग पूरे जज्बे के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article