दुनिया

दक्षिणी नेपाल में दो गुटो के बीच हुई झड़प के बाद पसरा तनाव; भारी पुलिसबल तैनात, कर्फ्यू लागू

Tension in South Nepal: दक्षिणी नेपाल में मधेस प्रांत के रौतहट जिले में दो गुटों के बीच हुई झड़पों के बाद तनाव बढ़ने पर कुछ हिस्सों में शनिवार को कर्फ्यू लगा दिया गया।

Image

दक्षिणी नेपाल में दो गुटो के बीच हुई झड़प के बाद पसरा तनाव (फाइल फोटो)

Tension in South Nepal: दक्षिणी नेपाल में मधेस प्रांत के रौतहट जिले में दो गुटों के बीच हुई झड़पों के बाद तनाव बढ़ने पर कुछ हिस्सों में शनिवार को कर्फ्यू लगा दिया गया। गुरुवार शाम को एक विवाद के बाद दो समुदायों के बीच झड़पें शुरू हुईं, जिसके बाद शुक्रवार और शनिवार सुबह तक जारी रही हिंसा में कम से कम आठ लोग घायल हो गए।

कर्फ्यू लागू

मुख्य जिला अधिकारी दिनेश सागर भुसाल के अनुसार, शनिवार दोपहर एक बजे से जिला मुख्यालय गौर और अन्य हिस्सों में अगले आदेश तक कर्फ्यू लागू रहेगा। उन्होंने बताया कि यह निर्णय रौतहट जिला सुरक्षा समिति द्वारा लिया गया है। स्थानीय प्रशासन अधिनियम की धारा 6(क) के तहत, जिला प्रशासन कार्यालय ने कर्फ्यू क्षेत्र में लोगों की आवाजाही, सभाओं, रैलियों और प्रदर्शनों के आयोजन पर रोक लगा दी।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना गुरुवार शाम को गौर नगरपालिका के सपगढ़ा इलाके में उस समय हुई, जब एक समुदाय के सदस्यों ने मस्जिद के सामने संगीत बजाते हुए निकल रही बारात को कथित तौर पर रोक दिया। इसके बाद तनाव बढ़ गया और बाद में हिंसक झड़प शुरू हो गई। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों सहित कम से कम आठ लोग घायल हो गए।

शुक्रवार शाम दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन शनिवार सुबह एक वाहन में आग लगाए जाने की घटना के बाद तनाव फिर बढ़ गया। इसके बाद प्रशासन ने स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए कर्फ्यू लागू कर दिया।

पुलिसकर्मियों की तैनाती

इससे पहले, स्थानीय अधिकारियों ने झड़पों को रोकने के लिए तनावग्रस्त क्षेत्र में दंगा रोधी सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया था। काठमांडू पोस्ट की खबर के अनुसार, झड़पों के दौरान एक वाहन में आग लगाए जाने के बाद तनाव बढ़ गया। अखबार की खबर में बताया गया कि शुक्रवार शाम को दोनों पक्षों के बीच पहले की झड़पों के बाद छह सूत्रीय समझौता हुआ था लेकिन शनिवार सुबह लगभग नौ बजे पथराव फिर से शुरू हो गया। इससे स्थिति और बिगड़ गई, जिसके बाद प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article