यूक्रेन और पोलैंड की सीमा के पास रविवार को एक ट्रेन पर रूसी ड्रोन ने हमला किया। यह घटना उस समय हुई जब ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ट समेत कई यूरोपीय अधिकारी कुछ ही मिनट पहले उसी इलाके से गुजर चुके थे। यूक्रेन की सरकारी रेलवे कंपनी उक्रजालिज्नित्स्या के मुताबिक, हमले में किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है।
रेलवे कंपनी ने बताया कि कीव से लौट रहे अधिकारियों को लेकर जा रही एक विशेष राजनयिक ट्रेन ने याहोदीन स्टेशन से तय समय से कुछ पहले ही रवाना होने का फैसला किया था। इसके कुछ ही समय बाद स्टेशन के पास एक अन्य ट्रेन को रूसी ड्रोन ने निशाना बनाया।
क्या राजनयिक ट्रेन को निशाना बनाना था?
उक्रजालिज्नित्स्या ने कहा कि यह काफी संभव है कि रूसी ड्रोन का असली निशाना राजनयिक ट्रेन ही थी, लेकिन उसके निर्धारित समय से पहले रवाना हो जाने के कारण वह हमले की चपेट में आने से बच गई। स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ट ने सोशल मीडिया पर हमले का वीडियो भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जिस ट्रेन पर हमला हुआ, वह उनकी ट्रेन नहीं थी, बल्कि उनके गुजरने के कुछ मिनट बाद आई थी। ड्रोन के पास आते ही उस ट्रेन को खाली करा लिया गया था और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। बिल्ट के मुताबिक, उनकी ट्रेन को भी एहतियात के तौर पर निकासी की चेतावनी दी गई थी।याल्टा यूरोपियन स्ट्रैटेजी सम्मेलन से लौट रहे थे नेता
बोरिस जॉनसन, कार्ल बिल्ट और कई यूरोपीय संघ के सुरक्षा सलाहकार कीव में आयोजित याल्टा यूरोपियन स्ट्रैटेजी सम्मेलन में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। यह सम्मेलन राजनीति, कारोबार, सुरक्षा और मीडिया से जुड़े नेताओं और विशेषज्ञों की वार्षिक बैठक है। उक्रजालिज्नित्स्या के मुताबिक, एक अन्य ट्रेन याहोदीन स्टेशन पर उस समय मौजूद थी, जब ड्रोन हमला हुआ। इस ट्रेन में अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA के पूर्व निदेशक डेविड पेट्रायस भी सवार थे। हालांकि, किसी भी ट्रेन में सवार लोगों के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं मिली। रेलवे कंपनी ने कहा कि वह रूसी हमलों के खतरे को देखते हुए लगातार ट्रेनों के समय में बदलाव करती रहती है।बोरिस जॉनसन ने रूस पर साधा निशाना
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने हमले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पोलैंड की सीमा के पास खड़ी यूक्रेनी ट्रेन पर हमला करने के पीछे रूस का तर्क समझ से परे है। जॉनसन ने कहा कि यूक्रेन में आम नागरिक हर दिन इस तरह के ‘बेतुके और संवेदनहीन’ हमलों का सामना कर रहे हैं और अब नागरिक रेल नेटवर्क भी निशाने पर हैं।पोलैंड सीमा के पास ट्रक पर भी हमला
इससे पहले रविवार को एक रूसी ड्रोन ने पोलैंड की सीमा से एक मील से भी कम दूरी पर एक ट्रक को निशाना बनाया था। सीमा सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना के बाद याहोदीन-डोरुहस्क सीमा क्रॉसिंग को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। लगातार हो रही इन घटनाओं ने यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पोलैंड यूक्रेन के लिए पश्चिमी सैन्य और मानवीय सहायता का एक प्रमुख मार्ग है। ऐसे में पोलैंड की सीमा के नजदीक रूसी ड्रोन हमलों को लेकर यूरोपीय देशों में भी चिंता बढ़ सकती है।
