रूस यूक्रेन में जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से रूसी उर्जा ठिकानों पर हमला रोकने को कहा है।
दरअसल, आयरिश ओपन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप से पूछा गया था कि क्या उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हालिया बातचीत के बाद जेलेंस्की से भी बात की है। इसके जवाब में उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति से रूस पर हमले रोकने की अपील की। ट्रंप ने कहा कि जेलेंस्की को एक काम करना चाहिए और वह है रूस में डीजल ईंधन को निशाना बनाना बंद करना। उन्होंने कहा कि यूक्रेन दूसरे सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकता है, लेकिन डीजल ईंधन पर हमला नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे रूस में ईंधन की कमी हो रही है।
रूस के तेल और गैस ठिकाने यूक्रेन के निशाने पर
यूक्रेन पिछले कई महीनों से रूस के तेल और गैस उद्योग से जुड़े ठिकानों पर लंबी दूरी के ड्रोन हमले कर रहा है। कीव का कहना है कि रूस का तेल उद्योग युद्ध के लिए आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उसकी सैन्य मशीनरी को सीधे ईंधन भी देता है। यूक्रेनी हमलों के चलते रूस के कई हिस्सों में ईंधन की आपूर्ति प्रभावित होने और राशनिंग की खबरें सामने आई हैं। यह स्थिति ऐसे समय में है जब रूस दुनिया के प्रमुख तेल और गैस निर्यातक देशों में शामिल है।
रविवार को भी यूक्रेन ने रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र के स्लावियांस्क-ऑन-कुबान में एक प्रमुख तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने का दावा किया। यूक्रेन की रक्षा खुफिया एजेंसी के अनुसार, ड्रोन ने रिफाइनरी की एक प्रमुख तेल प्रसंस्करण इकाई और टैंक फार्म को निशाना बनाया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हमले में तीन लोग घायल हुए, एक तेल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई और आग लग गई। हालांकि, अधिकारियों ने यूक्रेन के दावे की सीधे पुष्टि नहीं की।
रूस ने भी यूक्रेन पर किए बड़े ड्रोन हमले
इस बीच रूस और यूक्रेन के बीच रातभर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले हुए। रूस के तातारस्तान क्षेत्र में एक ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत और 14 अन्य के घायल होने की सूचना है। क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार, निजनेकाम्स्क शहर में एक खड़ी कार के पास पेड़ से ड्रोन टकराने के बाद दोनों लोगों की मौत हुई।यूक्रेनी अधिकारियों ने दूसरी ओर बताया कि रूस ने काला सागर के प्रमुख बंदरगाह शहर ओडेसा पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। हमले में कम से कम नौ लोग घायल हुए। पश्चिमी यूक्रेन में भी रूसी ड्रोन हमलों की खबर है। यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, रूस का एक ड्रोन पोलैंड की सीमा से लगे याहोदीन-डोरहुस्क सीमा क्रॉसिंग के पास गिरा, जिससे एक पेट्रोल स्टेशन में आग लग गई। हालांकि, सीमा चौकी सुरक्षित रही और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुतिन-जेलेंस्की के बीच बातचीत की कोशिश
इस बीच रूस ने शांति वार्ता दोबारा शुरू होने की संभावना से इनकार नहीं किया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने रविवार को कहा कि रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच शांति वार्ता अक्टूबर में फिर से शुरू हो सकती है।पेस्कोव ने कहा कि मॉस्को ऐसी संभावना को खारिज नहीं कर रहा है और अक्टूबर को भी संभावित समय के तौर पर देखा जा सकता है।
