दुनिया

एलियन है या नहीं? ट्रंप ने UFO पर दे दिया अबतक का सबसे बड़ा सबूत, US के सीक्रेट फाइल में राज ही राज

US UFO Files: एलियन के होने पर अमेरिका ने अबतक का सबसे बड़ा सबूत जारी कर दिया है। ट्रंप के आदेश के बाद अमेरिकी सरकार ने UFO से जुड़ी कई सीक्रेट फाइल्स जारी कर दी हैं।

Image

ट्रंप के आदेश के बाद जारी हुआ UFO से जुड़ी फाइल्स (फोटो- US Govt)

US UFO Files: एलियन होते हैं या नहीं, इसे लेकर सालों से बहस हो रही है। दावा किया जाता रहा है कि अमेरिका के पास इसके सबूत हैं, कई तो अमेरिका के पास UFO (उड़न तस्तरी) के साथ-साथ एलियंस के कैद होने का भी दावा करते रहे हैं। अब अमेरिका इन दावों की सच्चाई दुनिया के सामने ला रहा है। ट्रंप के आदेश के बाद अमेरिकी सरकार ने UFO से जुड़ी कुछ फाइलें सार्वजनिक की हैं।

एलियंस होने के कितने सबूत?

शुक्रवार को सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों ने यूएफओ और अंतरिक्ष से जुड़ी कई पुरानी रहस्यमयी घटनाओं को फिर चर्चा में ला दिया है। इन फाइलों में अमेरिकी सेना के गोपनीय मेमो, अपोलो मिशनों से जुड़े रिकॉर्ड और उन लोगों के बयान शामिल हैं जिन्होंने आसमान में अजीब उड़ती वस्तुएं देखने का दावा किया था। कई मामलों में लोगों ने आशंका जताई कि ये घटनाएं पृथ्वी से बाहर की किसी सभ्यता से जुड़ी हो सकती हैं।

जारी रिकॉर्ड में अपोलो 11, अपोलो 12 और अपोलो 17 मिशनों के अंतरिक्ष यात्रियों की बातचीत के दस्तावेज भी शामिल हैं, जिन्हें दशकों तक गोपनीय रखा गया था। अपोलो 11 मिशन के अंतरिक्ष यात्री बज एल्ड्रिन ने 1969 में दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि चंद्रमा की यात्रा के दौरान उन्हें एक बेहद चमकदार रोशनी दिखाई दी थी। उनके मुताबिक, वह रोशनी किसी सामान्य अंतरिक्ष वस्तु जैसी नहीं लग रही थी और शुरुआती तौर पर उसे किसी लेजर जैसी चीज माना गया था।

Archival imagery from the Apollo 17 mission to the Moon

अपोलो 17 चंद्रमा मिशन से प्राप्त चित्र (फोटो- US Govt)

फाइलों में 1957 का एक एफबीआई रिकॉर्ड भी है, जिसमें एक व्यक्ति ने दावा किया था कि उसने जमीन से ऊपर उठती हुई एक विशाल गोलाकार उड़न वस्तु देखी थी। वहीं 2023 में दर्ज कुछ नए बयानों में अमेरिकी नागरिकों ने आसमान में चमकदार रोशनी के बीच धातु जैसी वस्तुओं को हवा में स्थिर या मंडराते हुए देखने की बात कही है।

दस्तावेजों में अमेरिकी सेना के कुछ वीडियो भी शामिल हैं, जो 2022 में मध्य पूर्व में रिकॉर्ड किए गए थे। इराक, सीरिया और यूएई के ऊपर दिखाई देने वाली कुछ रहस्यमयी वस्तुओं को पेंटागन ने अब तक “अनआइडेंटिफाइड एनोमलस फिनॉमिना” की श्रेणी में रखा है, यानी ऐसी घटनाएं जिनकी स्पष्ट पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

ऐसे ही एक वीडियो में एक अंडाकार आकार की वस्तु बेहद तेज गति से गुजरती दिखाई देती है। शुरुआती सैन्य रिपोर्ट में इसे “संभावित मिसाइल” कहा गया, लेकिन इसकी वास्तविक प्रकृति अब भी रहस्य बनी हुई है।

UFO फाइल्स पर क्या बोला अमेरिका?

अमेरिकी रक्षा विभाग ’पेंटागन’ ने उड़न तश्तरी (यूएफओ) से संबंधित नयी फाइल जारी करते हुए कहा है कि आम लोग ’’अज्ञात असामान्य घटनाओं’’ पर अपने निष्कर्ष खुद निकाल सकते है। पेंटागन के अलावा, इस कवायद का नेतृत्व व्हाइट हाउस, राष्ट्रीय खुफिया निदेशक, ऊर्जा विभाग, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और एफबीआई (संघीय जांच ब्यूरो) आदि कर रहे हैं। पेंटागन ने शुक्रवार को ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एक ओर जहां पूर्ववर्ती सरकारों ने अमेरिकी नागरिकों को बदनाम करने या हतोत्साहित करने की कोशिश की, वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ’’लोगों को अधिकतम पारदर्शिता प्रदान कर रहे हैं। लोग इन फाइल में निहित जानकारी से अपने खुद के निष्कर्ष निकाल सकते हैं।’’ पेंटागन ने कहा कि अतिरिक्त दस्तावेज चरणबद्ध तरीके से जारी किये जाएंगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article