दुनिया

पश्चिम एशिया में जंग के बीच ईंधन संकट को लेकर चीन में हाहाकार;'ड्रैगन'ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम

होर्मुज जलडमरूमध्य पर खतरे के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबाव बढ़ रहा है। इस बीच, ईरान युद्ध के बीच संभावित आपूर्ति संकट को देखते हुए चीन ने भी पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं।

Image

चीन में बढ़े पेट्रोल डीजल के दाम।

पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच चीन ने संभावित ईंधन संकट की आशंका को देखते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है।

चीन की शीर्ष आर्थिक योजना एजेंसी नेशनल डेवलपमेंट एंड रिफॉर्म कमीशन (NDRC) ने मंगलवार से लागू अस्थायी उपायों की घोषणा की। एजेंसी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में असामान्य वृद्धि के प्रभाव को कम करने, उपभोक्ताओं पर बोझ घटाने और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

कितने बढ़े दाम?

सरकारी बयान के अनुसार,पेट्रोल की कीमतों में 1,160 युआन (करीब 168 डॉलर) प्रति टन और डीजल की कीमतों में 1,115 युआन (करीब 159 डॉलर) प्रति टन की बढ़ोतरी की गई है।

पेट्रोल पंपों पर लग गई लंबी लाइनें

कीमत बढ़ने की घोषणा के बाद देशभर में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां लोग टैंक फुल कराने के लिए पहुंचने लगे। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य के अवरुद्ध होने की आशंका बढ़ गई है। यह मार्ग दुनिया की करीब 20 प्रतिशत ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम है।

चीन खरीदता है 70 प्रतिशत कच्चा तेल

चीन अपनी लगभग 70 प्रतिशत कच्चे तेल की जरूरत आयात से पूरी करता है, जिसमें करीब 45 प्रतिशत आपूर्ति होर्मुज मार्ग से जुड़ी है। यानी देश की कुल तेल आपूर्ति का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा इस क्षेत्र की स्थिति पर निर्भर है।

चार महीने का आपातकालीन तेल भंडार

हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि रूस के साथ गैस पाइपलाइन और दीर्घकालिक ऊर्जा समझौतों के चलते चीन अन्य देशों की तुलना में अपेक्षाकृत कम प्रभावित हो सकता है। बताया गया है कि चीन के पास करीब चार महीने का आपातकालीन तेल भंडार भी मौजूद है, जिससे तत्काल संकट की स्थिति को संभालने में मदद मिल सकती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!