चीन-अमेरिका टैरिफ युद्ध
China hits backs at US: चीन ने सोमवार को अमेरिका पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि उसने एआई चिप निर्यात नियंत्रण दिशा-निर्देशों, चीन को चिप डिजाइन सॉफ्टवेयर की बिक्री रोकने और चीनी छात्रों के वीजा रद्द करने जैसे कई प्रतिबंध लगाकर हाल ही में जिनेवा में हुए व्यापार समझौते का गंभीर उल्लंघन किया है। वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि अमेरिका ने चीन के खिलाफ लगातार कई भेदभावपूर्ण प्रतिबंधात्मक उपायों को लागू करके जिनेवा में चीन-अमेरिका आर्थिक और व्यापार वार्ता के दौरान बनी आम सहमति को गंभीर रूप से कमजोर कर दिया है।
उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस आरोप का खंडन किया कि चीन ने "हमारे साथ समझौते का पूरी तरह से उल्लंघन किया है"। प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिकी उपायों में एआई चिप निर्यात नियंत्रण पर दिशा-निर्देश जारी करना, चीन को चिप डिजाइन सॉफ्टवेयर की बिक्री रोकना और चीनी छात्रों के वीजा रद्द करने की घोषणा करना शामिल है। खास बात है कि चीन ने छात्र वीजा को व्यापार और टैरिफ से संबंधित मुद्दों के साथ जोड़ दिया है।
अमेरिका में अध्ययन कर रहे लगभग 2.7 लाख चीनी छात्रों ने 29 मई को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो द्वारा यह घोषणा किए जाने के बाद अपनी योजनाओं पर काम करना शुरू कर दिया कि। रूबियो ने कहा था कि अमेरिका कुछ चीनी छात्रों के वीजा को रद्द करना शुरू कर देगा। इनमें महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अध्ययन करने वाले और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी से संबंध रखने वाले छात्र भी शामिल हैं। बयान में कहा गया है कि इन कार्रवाइयों ने 17 जनवरी को दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच एक फोन कॉल के दौरान बनी आम सहमति का गंभीर रूप से उल्लंघन किया और चीन के वैध अधिकारों और हितों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया।
प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका ने एकतरफा और बार-बार नए आर्थिक और व्यापारिक टकराव को भड़काया है, जिससे द्विपक्षीय आर्थिक और व्यापारिक संबंधों में अनिश्चितता और अस्थिरता बढ़ी है। पिछले महीने जिनेवा में वार्ता के बाद अमेरिका और चीन दोनों ने एक-दूसरे पर टैरिफ कम करने पर सहमति जताई थी। शीर्ष दो अर्थव्यवस्थाओं को अपने टैरिफ युद्ध को समाप्त करने के लिए एक व्यापक ठोस समझौते पर पहुंचने के लिए सीजफायर 90 दिनों तक चलने वाला है।
ट्रंप ने लगभग 439.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर के चीनी निर्यात पर 145 प्रतिशत टैरिफ लगाया और चीन ने लगभग 143 बिलियन अमेरिकी डॉलर के अमेरिकी निर्यात पर 125 प्रतिशत टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। चीन ने दुर्लभ-पृथ्वी खनिजों के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगाए हैं जो रक्षा, नई ऊर्जा बैटरी, अर्धचालक और उन्नत विनिर्माण के लिए सभी महत्वपूर्ण सामग्री हैं और बीजिंग ने प्रतिबंधों को नहीं हटाया है।
जिनेवा समझौते के तहत, अमेरिका ने चीन से आने वाले सामानों पर लगाए गए टैरिफ को 145 प्रतिशत से घटाकर 30 प्रतिशत कर दिया, जबकि चीन ने अपने जवाबी टैरिफ को 125 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया। यह आरोप-प्रत्यारोप तब शुरू हुआ जब शुक्रवार को ट्रंप ने कहा कि चीन ने हमारे साथ अपने समझौते का पूरी तरह से उल्लंघन किया है, लेकिन उन्होंने इसका ब्यौरा नहीं दिया। हालांकि, वाशिंगटन से मिली रिपोर्टों के अनुसार, बाद में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि चीन समझौते के तहत सहमति के अनुसार गैर-टैरिफ बाधाओं को नहीं हटा रहा है।
ट्रंप ने शुक्रवार को यह कहते हुए और विवाद खड़ा कर दिया कि वह अब व्यापार के मामले में चीन के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करेंगे, उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में घोषणा की कि चीन ने संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ समझौता तोड़ दिया है।