टेक एंड गैजेट्स

क्या देखकर स्मार्टफोन खरीदते हैं भारतीय? Amazon के सर्वे में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Amazon के Best in Tech Survey के मुताबिक, भारत में 82 फीसदी स्मार्टफोन खरीदारों के लिए AI फीचर्स अब फोन खरीदने का अहम फैक्टर बन चुके हैं।

Image

दो साल तक फोन इस्तेमाल कर रहे ज्यादातर ग्राहक

यदि आपसे पूछा जाए कि भारतीय यूजर्स फोन खरीदने से पहले क्या देखते हैं तो शायद आप इसका जवाब नहीं दे पाएंगे, लेकिन अमेजन के एक सर्वे में इसका जवाब मिल गया है जो कि चौंकाने वाला है। भारत में स्मार्टफोन खरीदने का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब ग्राहक केवल कैमरा, बैटरी या प्रोसेसर को ही प्राथमिकता नहीं दे रहे, बल्कि फोन में मिलने वाले AI फीचर्स भी खरीदारी के फैसले को प्रभावित कर रहे हैं। Amazon के Best in Tech Survey के मुताबिक, भारत में 82 फीसदी स्मार्टफोन खरीदारों के लिए AI फीचर्स अब फोन खरीदने का अहम फैक्टर बन चुके हैं।

परफॉर्मेंस और स्पीड सबसे ज्यादा जरूरी

Amazon ने जुलाई 2026 में यह सर्वे किया था, जिसमें स्मार्टफोन समेत इलेक्ट्रॉनिक्स की अलग-अलग कैटेगरी से जुड़े 40,000 से ज्यादा लोगों की प्रतिक्रियाएं शामिल की गईं। सर्वे के मुताबिक, फोन खरीदते समय सबसे ज्यादा 87 फीसदी ग्राहक परफॉर्मेंस और स्पीड को प्राथमिकता देते हैं।

इसके बाद 79 फीसदी लोगों के लिए बैटरी लाइफ महत्वपूर्ण है, जबकि 77 फीसदी ग्राहक कैमरा क्वालिटी को खरीदारी का अहम आधार मानते हैं। इससे पता चलता है कि AI के बढ़ते प्रभाव के बावजूद फोन की बेसिक परफॉर्मेंस और बैटरी अभी भी ग्राहकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

AI में ये फीचर्स लोगों को आ रहे पसंद

सर्वे में AI फीचर्स को लेकर भी दिलचस्प जानकारी सामने आई है। 25 फीसदी लोगों ने कॉन्टेक्स्टुअल असिस्टेंस को सबसे पसंदीदा AI फीचर बताया। इसके जरिए स्मार्टफोन यूजर की जरूरत और स्थिति को समझकर रोजमर्रा के कामों में मदद कर सकता है।

वहीं, 18 फीसदी ग्राहक जनरेटिव फोटो एडिटिंग को पसंद करते हैं। इसके अलावा 17 फीसदी लोगों ने विजुअल सर्च और 11 फीसदी ने एडैप्टिव बैटरी मैनेजमेंट को पसंदीदा AI फीचर बताया। इससे संकेत मिलता है कि ग्राहक AI को सिर्फ एक अतिरिक्त फीचर के तौर पर नहीं, बल्कि फोन के रोजमर्रा के इस्तेमाल का हिस्सा मानने लगे हैं।

बैटरी अभी भी स्मार्टफोन की सबसे बड़ी कमजोरी

Amazon के सर्वे में बैटरी लाइफ को लेकर भी एक अहम बात सामने आई है। बैटरी न सिर्फ ग्राहकों की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली खूबियों में शामिल है, बल्कि मौजूदा स्मार्टफोन में सबसे बड़ी कमी भी यही मानी जा रही है। 22 फीसदी लोगों ने बैटरी लाइफ को अपने मौजूदा फोन की सबसे बड़ी कमी बताया। इसके बाद 17 फीसदी लोगों ने कैमरा क्वालिटी और 12 फीसदी ने परफॉर्मेंस में सुधार की जरूरत बताई।

50 हजार से ज्यादा कीमत वाले फोन खरीदने का बढ़ा रुझान

सर्वे से यह भी पता चलता है कि भारतीय ग्राहक अब प्रीमियम स्मार्टफोन पर ज्यादा खर्च करने के लिए तैयार हैं। हर तीन में से एक खरीदार अपने अगले स्मार्टफोन के लिए 50,000 रुपये या उससे ज्यादा खर्च करने पर विचार कर रहा है।

इसमें 15 फीसदी लोग 50,000 से 75,000 रुपये के बीच का फोन खरीदना चाहते हैं, जबकि 17 फीसदी की नजर 75,000 रुपये से ज्यादा कीमत वाले स्मार्टफोन पर है। हालांकि, 25,000 से 50,000 रुपये का सेगमेंट अभी भी सबसे बड़ा है और 42 फीसदी ग्राहक इसी कीमत वाले फोन खरीदने पर विचार कर रहे हैं। वहीं, 19 फीसदी ग्राहक 15,000 से 25,000 रुपये के बीच और केवल 7 फीसदी लोग 15,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं।

दो साल तक फोन इस्तेमाल कर रहे ज्यादातर ग्राहक

सर्वे में भारतीय ग्राहकों की स्मार्टफोन अपग्रेड आदतों का भी पता चला। 54 फीसदी लोगों ने कहा कि वे अपने स्मार्टफोन को कम से कम दो साल तक इस्तेमाल करते हैं। वहीं, 48 फीसदी लोगों ने अगले तीन महीने के भीतर अपना फोन अपग्रेड करने की योजना बताई। फोन खरीदते समय ऑनलाइन रिव्यू और रेटिंग भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। 47 फीसदी ग्राहकों ने रिव्यू और रेटिंग को महत्वपूर्ण बताया, जबकि 35 फीसदी लोगों के लिए कीमत और डील्स ज्यादा मायने रखती हैं।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article