Canada Brampton Firing: कनाडा में भारतीय मूल के गैंगस्टरों और जबरन वसूली (Extortion) का नेटवर्क चलाने वाले सिंडिकेट का आतंक थमता नजर नहीं आ रहा है। कनाडा के ब्रैम्पटन (Brampton) शहर में एक भारतीय रेस्टोरेंट के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस हमले के तुरंत बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ सिंडिकेट से जुड़े गुर्गों ने सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, अभी यह पुष्टि होना बाकी है कि ये बदमाश किस गैंग के हैं और इस घटना के पीछे कोई गैंग है भी या नहीं।
'दाल रोटी' रेस्टोरेंट को बनाया निशाना, वीडियो किया जारी
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात ब्रैम्पटन में स्थित मशहूर दाल रोटी (Dal Roti) रेस्टोरेंट के बाहर हुई। हमलावरों ने रेस्टोरेंट को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस घटना का एक खौफनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकती है कि कैसे बदमाश सरेआम गोलियां बरसा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर राजा पहलवान का पोस्ट: यह सिर्फ चेतावनी
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर खुद को राजा पहलवान बताने वाले एक शख्स की पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस पोस्ट में उसने दावा किया है कि इस फायरिंग को उसने और उसके साथियों ने अंजाम दिया है। पोस्ट में हमला करने के पीछे एक अजीब वजह बताई गई है। राजा पहलवान ने लिखा, 'रेस्टोरेंट मालिक ने वहां काम करने वाले कई (अंतरराष्ट्रीय) छात्रों की तनख्वाह (सैलरी) नहीं दी थी। हमने पहले उसे प्यार से समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं माना। यह फायरिंग सिर्फ एक चेतावनी है। अगर अब भी उसने छात्रों के पैसे नहीं दिए, तो अगली बार हम सीधे उसके घर पहुंचेंगे।'
रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग का कनेक्शन
इस वायरल पोस्ट में भारत में वॉन्टेड खतरनाक गैंगस्टर रोहित गोदारा का खास तौर पर जिक्र किया गया है। राजा पहलवान ने रोहित गोदारा को अपना 'भाई' बताते हुए लिखा है कि गोदारा के खिलाफ बोलने वाले उनके सीधे दुश्मन हैं। इसके अलावा पोस्ट में उन कारोबारियों और लोगों को भी चेतावनी दी गई है जो गैंगस्टर्स की एक्सटॉर्शन (फिरौती) कॉल्स को नजरअंदाज कर रहे हैं। पोस्ट में लिखा गया है, 'जो लोग हमारी कॉल्स को इग्नोर कर रहे हैं, वे अपना इंतजाम खुद करके रखें।' पोस्ट के नीचे लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े कई हैशटैग भी लगाए गए हैं।

कनाडा में फायरिंग
कनाडाई पुलिस और जांच एजेंसियां अलर्ट
कनाडा में भारतीय रेस्टोरेंट और कारोबारियों को निशाना बनाकर फायरिंग करने और फिरौती मांगने का यह कोई पहला मामला नहीं है। हालांकि, सोशल मीडिया पर किए जा रहे इन दावों की कनाडाई सुरक्षा एजेंसियों द्वारा स्वतंत्र रूप से पुष्टि की जानी बाकी है। स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि यह सचमुच रोहित गोदारा गैंग की करतूत है या फिर किसी स्थानीय अपराधी ने उनके नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने के लिए यह पोस्ट लिखी है। फिलहाल रेस्टोरेंट के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
