दुनिया

पाकिस्तान कोस्ट गार्ड कैंप पर फिदायीन हमला, 30 सैन्य कर्मियों के मारे जाने की खबर; BLA ने ली जिम्मेदारी

Pakistan News: पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के ग्वादर में बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड ने कोस्ट गार्ड कैंप पर बड़ा फिदायीन हमला किया है। संगठन का दावा है कि धमाके और आमने-सामने की जंग में 30 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं।

Image

सांकेतिक चित्र

Photo : AP

पाकिस्तान के अशांत बलोचिस्तान प्रांत से एक बड़ी घटना हो गई है। रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण ग्वादर जिले के जिवानी इलाके में स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के एक मजबूत सैन्य कैंप पर बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने भीषण 'फिदायीन' हमला किया है। इस अलगाववादी संगठन का दावा है कि इस सुनियोजित और घातक मिलिट्री ऑपरेशन में पाकिस्तान के 30 से अधिक सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं और दर्जनों गंभीर रूप से घायल हैं। स्थानीय मीडिया संगठन 'द बलोचिस्तान पोस्ट' ने इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट जारी की है।

मजीद ब्रिगेड का आत्मघाती हमला, मलबे में तब्दील हुआ कैंप

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला शुक्रवार शाम करीब 6:32 बजे (स्थानीय समयानुसार) अंजाम दिया गया। इसे BLA की सबसे खतरनाक और कुख्यात आत्मघाती विंग 'मजीद ब्रिगेड' ने अंजाम दिया है। हमले के लिए अताउल्लाह बलोच उर्फ अजमल नाम के एक सुसाइड बॉम्बर का इस्तेमाल किया गया, जिसने विस्फोटकों से पूरी तरह लदे एक ट्रक को कोस्ट गार्ड के किलेनुमा सैन्य कैंप के मुख्य हिस्से से टकरा दिया। संगठन ने बताया कि यह केवल एक आत्मघाती ट्रक हमला नहीं था। जैसे ही आत्मघाती धमाके ने सैन्य कैंप की सुरक्षा को ध्वस्त किया, BLA की विंग 'फतेह स्क्वाड' के लड़ाकों ने तबाह हो चुके कैंप को चारों तरफ से घेर लिया और जीवित बचे कोस्ट गार्ड के जवानों पर हमला करने लगे। BLA की मीडिया विंग 'हक्काल' ने इस हमले का एक 43 सेकंड का वीडियो क्लिप भी जारी किया है। BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच के अनुसार, हमले में 30 से अधिक सुरक्षाकर्मी मौके पर ही मारे गए हैं जिनकी संख्या और बढ़ सकती है।

प्रतिबंधित संगठन BLA ने चेतावनी दी है कि बलोचिस्तान की 'पूर्ण स्वतंत्रता' के अंतिम लक्ष्य को प्राप्त करने तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर चलाया जा रहा उनका यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। दूसरी ओर, इस भीषण हमले को लेकर पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग (ISPR) या सरकार की तरफ से खबर लिखे जाने तक कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही हताहतों के आधिकारिक आंकड़ों की पुष्टि की गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article