Bangladesh News: सत्तारूढ़ बीएनपी के एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को बताया कि बांग्लादेश की नव निर्वाचित 13वीं संसद का पहला सत्र मार्च के दूसरे सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (BNP) के प्रवक्ता सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि 13वीं संसद का पहला सत्र 12 मार्च को या उससे कुछ दिन पहले शुरू होने की संभावना है।
बीएनपी ने दो-तिहाई बहुमत हासिल कर सरकार बनाई
तारिक रहमान के नए मंत्रिमंडल में गृह मंत्री भी रहे अहमद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, इस सत्र में (मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली) अंतरिम सरकार के अध्यादेश और शोक प्रस्ताव भी पेश किए जाएंगे। 12 फरवरी को हुए महत्वपूर्ण चुनावों में बीएनपी ने दो-तिहाई बहुमत हासिल कर सरकार बनाई, जबकि धुर दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी।
संसद सदस्यों ने 17 फरवरी को शपथ ली और उसी दिन बीएनपी के अध्यक्ष रहमान (60 वर्ष) और उनके मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री और मंत्रियों के रूप में शपथ ग्रहण की। बांग्लादेश के संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को रहमान की लिखित सलाह के आधार पर चुनाव परिणामों की राजपत्र अधिसूचना के 30 दिनों के भीतर नव निर्वाचित संसद का उद्घाटन सत्र बुलाना अनिवार्य है।
संसद के पहले सत्र की अध्यक्षता कौन करेगा?
लेकिन यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि संसद के पहले सत्र की अध्यक्षता कौन करेगा। मानक प्रक्रिया के अनुसार, पिछली संसद के अध्यक्ष या उनकी अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष, नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए ही संसद की अध्यक्षता करते हैं। अध्यक्ष शिरीन शर्मिन चौधरी ने पहले ही इस्तीफा दे दिया था और अब वे एक अज्ञात स्थान पर रह रही हैं, जबकि उपाध्यक्ष शम्सुल हक टुकू जेल में हैं।
तारिक रहमान की ताजपोशी
बांग्लादेश के क्राउन प्रिंस कहे जाने वाले तारिक रहमान (Tarique Rahman) अब देश के किंग बन गए हैं। 17 फरवरी को एक भव्य समारोह में पीएम पद पर उनकी ताजपोशी की गई। इसके साथ ही अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद बनी अंतरिम सरकार के 18 महीने लंबे शासन का औपचारिक अंत हो गया। इस शपथ ग्रहण में भारत की तरफ से लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 60 वर्षीय रहमान को ढाका स्थित जातीय संसद (जतिया संसद) के साउथ प्लाजा में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। परंपरागत रूप से यह समारोह बंगाभवन में आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन इस बार स्थल में बदलाव किया गया।
तारिक रहमान पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान के पुत्र हैं। वे 17 वर्षों तक लंदन में आत्म-निर्वासन में रहने के बाद दो महीने पहले ही स्वदेश लौटे थे। अब वे पहली बार प्रधानमंत्री बने हैं और अगले पांच वर्षों तक इस पद पर रहेंगे।
