दुनिया

बांग्लादेश के 'क्राउन प्रिंस' तारिक रहमान ने चुनावी मैदान में ठोंकी ताल; दाखिल किया नामांकन, दो जगहों से भरा पर्चा

BNP के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने आगामी चुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। तारिक रहमान अगले साल 12 फरवरी को ढाका-17 और बोगुरा-6 सीटों से चुनाव लड़ेंगे।

Image

बीएनपी के तारिक रहमान चुनावी मैदान में उतरे (AP)

Bangladesh News: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने आगामी चुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। 'डेली स्टार' की खबर के अनुसार, नामांकन पत्र सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे सेगुनबगीचा स्थित ढाका संभागीय आयुक्त कार्यालय में दाखिल किए गए। बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान अगले साल 12 फरवरी को ढाका-17 और बोगुरा-6 सीटों से चुनाव लड़ेंगे।

बीएनपी अध्यक्ष के सलाहकार अब्दस सलाम ने ‘डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश’ के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर डॉ. फरहाद हलीम डोनर के साथ रहमान की ओर से नामांकन प्रस्तुत किया। रहमान 12 फरवरी को ढाका-17 निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के लिए नामांकन पत्र जमा करने की सोमवार को अंतिम तिथि है।

'रहमान के पक्ष में मतदान...'

सलाम ने संवाददाता सम्मेलन में सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि लोगों ने 17 वर्षों के निर्वासन के बाद वापसी पर रहमान का गर्मजोशी से स्वागत किया। सलाम ने उम्मीद जताई कि ढाका-17 निर्वाचन क्षेत्र के लोग 12 फरवरी को होने वाले चुनाव में स्वेच्छा से रहमान के पक्ष में मतदान करेंगे।

रविवार को बांग्लादेश के चुनाव आयोग ने रहमान का नाम मतदाता सूची में शामिल करने की मंजूरी दे दी। इससे एक दिन पहले, बीएनपी नेता रहमान (60) यहां चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचे और बायोमेट्रिक पंजीकरण के लिए उंगलियों के निशान और आंखों की पुतलियों के स्कैन दिए। उन्होंने इससे पहले अपना मतदाता पंजीकरण आवेदन ऑनलाइन जमा किया था।

बांग्लादेश विद्रोह के ‘गुरु' ने जमात गठबंधन को लेकर एनसीपी से दूरी बनाई

बांग्लादेश में पिछले साल तत्कालीन सरकार को गिराने वाले हिंसक विद्रोह के मुख्य नेता महफूज आलम ने रविवार को नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) से खुद को अलग कर लिया, क्योंकि पार्टी के नेताओं ने जमात-ए-इस्लामी के साथ चुनावी गठबंधन करने के लिए कदम उठाया था।

सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर पोस्ट में आलम ने खुद के ‘एनसीपी से जुड़े’ होने से इनकार कर दिया। पार्टी में गठबंधन के मुद्दे पर विवाद के कारण 30 वरिष्ठ नेताओं ने इस रुख का विरोध करते हुए हस्ताक्षरित एक पत्र जारी किया है और दो शीर्ष नेताओं ने अपने इस्तीफे की घोषणा की।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article