Bangladesh Qurbani Market: बांग्लादेश में ईद-उल-अजहा से पहले लगने वाले कुर्बानी बाजार इस बार सिर्फ जानवरों की खरीद-फरोख्त की वजह से नहीं, बल्कि दो खास भैंसों के कारण चर्चा में हैं। इन भैंसों के नाम अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर रखे गए हैं। अब ये दोनों भैंसें सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय बाजारों तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
ढाका समेत कई बड़े पशु बाजारों में लोग सिर्फ इन भैंसों को देखने पहुंच रहे हैं। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग 'ट्रंप' और 'नेतन्याहू' नाम की भैंसों के साथ सेल्फी लेते और वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। कई लोग मजाकिया अंदाज में इन्हें VIP भैंस भी कह रहे हैं।
भैंसों को नाम देना आम बात, लेकिन इस बार ट्रंप का नाम दे डाला
पशु मालिकों का कहना है कि इन भैंसों का नाम उनके शरीर की बनावट, चेहरे के हावभाव और अलग रौबदार अंदाज को देखकर रखा गया। व्यापारियों के मुताबिक, बाजार में अलग पहचान बनाने के लिए जानवरों को खास नाम देना आम बात है, लेकिन इस बार अंतरराष्ट्रीय नेताओं के नाम रखे जाने से मामला ज्यादा वायरल हो गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों भैंसों की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। खरीदार भी इन्हें लेकर खास दिलचस्पी दिखा रहे हैं। कुछ लोग इसे मार्केटिंग का नया तरीका मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे वैश्विक राजनीति और मौजूदा माहौल से जोड़कर देख रहे हैं। लोग पोस्ट कर रहे हैं कि इस बार बांग्लादेश में डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू को कुर्बान किया जाएगा। बता दें कि इन भैंसों को ना सिर्फ देखने बल्कि खरीदने के लिए अच्छे दाम लग रहे हैं।
बांग्लादेश में ईद-उल-अजहा के दौरान हर साल बड़े स्तर पर पशु बाजार लगते हैं और यहां अनोखे नाम वाले जानवर अक्सर चर्चा में रहते हैं। लेकिन इस बार 'डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू' नाम की भैंसों ने पूरे बाजार का माहौल बदल दिया है। सोशल मीडिया पर इनकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से शेयर हो रहे हैं और लोग इस अनोखे ट्रेंड पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
