दुनिया

रूस के अंदरूनी इलाकों में यूक्रेन ने बरपाया कहर, भीषण ड्रोन हमलों में कम से कम 8 लोगों की मौत

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पुष्टि की कि कीव ने एंगेल्स स्थित रूसी सैन्य अड्डे, जहां लंबी दूरी तक मार करने वाले बमवर्षक विमान तैनात हैं, और सारातोव की एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया। जेलेंस्की ने कहा कि ये हमले रूस की आक्रामकता का जवाब हैं।

Image

रूस में कई जगहों पर यूक्रेन का ड्रोन हमला।

Photo : AP

Ukraine Drone Attack: यूक्रेन ने रूस पर भीषण हमला किया है। रूस के सैन्य, ऊर्जा एवं नागरिक बुनियादी संरचानओं को निशाना बनाकर उसने रविवार पूरी रात ड्रोन से हमले किए। इन हमलों में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है। खास बात यह है कि यूक्रेन ने ये हमले रूस के अंदरूनी इलाकों में किए हैं। DW की रिपोर्ट के मुताबिक रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हमलों के दौरान उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने 365 ड्रोन को सफलतापूर्वत निष्क्रिय किया।

रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया

रूस के वोल्गा नदी के बाएं किनारे स्थित एंगेल्स शहर में ड्रोन हमलों के दौरान रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, पास के सारातोव शहर में एक अन्य अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स को भी नुकसान पहुंचा। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन से लगभग 1,300 किलोमीटर दूर स्थित उदमूर्तिया क्षेत्र में तीन लोगों की मौत और दो लोग घायल हुए। इसके अलावा बेलगोरोद क्षेत्र में भी तीन लोगों की जान गई और पांच लोग घायल हुए।

तेल रिफाइनरी पर भी हमले

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पुष्टि की कि कीव ने एंगेल्स स्थित रूसी सैन्य अड्डे, जहां लंबी दूरी तक मार करने वाले बमवर्षक विमान तैनात हैं, और सारातोव की एक तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया। जेलेंस्की ने कहा कि ये हमले रूस की आक्रामकता का जवाब हैं और उन्होंने यूक्रेनी बलों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने युद्ध को 'वहीं वापस पहुंचाया, जहां से इसकी शुरुआत हुई थी।'

सैन्य अड्डे-रिफाइनरी में आग लगी

यूक्रेन ने दावा किया कि इन हमलों में सैन्य अड्डे और तेल रिफाइनरी दोनों जगहों पर आग लग गई। इसके अलावा यूक्रेनी बलों ने पश्चिमी कालुगा क्षेत्र में स्थित एक तेल भंडारण केंद्र (ऑयल डिपो) पर भी हमला किया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए कुछ अपुष्ट वीडियो में सारातोव की तेल सुविधा में भीषण आग दिखाई देने का दावा किया गया।

लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस पर भी हमले

डॉयचे वेले (DW) की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन ने रूस की ऑनलाइन रिटेल कंपनी के एक लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस को भी निशाना बनाया, जो समारा में स्थित है और यूक्रेन की अग्रिम मोर्चे की स्थिति से 800 किलोमीटर से अधिक दूर है। रिपोर्ट के मुताबिक, 18 जुलाई से अब तक यूक्रेन ने विल्डबेरीज के लगभग एक दर्जन गोदामों को निशाना बनाया है। कीव का आरोप है कि यह कंपनी रूसी सेना की लॉजिस्टिक सहायता कर रही है। हालांकि समारा स्थित वेयरहाउस पर हुए हमले में कोई हताहत नहीं हुआ और स्थानीय प्रबंधन ने बताया कि आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

रूस ने दावा किया कि उसने बड़ी संख्या में यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, हालांकि इनकी सटीक संख्या की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। DW के अनुसार, यह घटनाक्रम दिखाता है कि यूक्रेन अब रूस के भीतर गहराई तक हमले करने की अपनी क्षमता बढ़ा रहा है, जबकि वह 24 फरवरी 2022 को शुरू हुए रूस के पूर्ण पैमाने के आक्रमण के खिलाफ अपनी रक्षा भी जारी रखे हुए है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article