Kyiv : बड़े हमले की तैयारी में पुतिन, कीव की तरफ बढ़ रहा रूसी सेना का 64 किलोमीटर लंबा काफिला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 1, 2022, 11:13 AM IST

Ukraine Russia war News : यूक्रेन में युद्ध का आज छठवां दिन है। राजधानी कीव पर कब्जा करने की कोशिश रूस कर रहा है लेकिन उसे अभी सफलता नहीं मिली है। रिपोर्ट है कि रूस के बख्तरबंद वाहन और टैंक राजधानी कीव की तरफ बढ़ रहे हैं।

Kyiv : बड़े हमले की तैयारी में पुतिन, कीव की तरफ बढ़ रहा रूसी सेना का 64 किलोमीटर लंबा काफिला
Photo Credit: AP

Ukraine Russia war: यूक्रेन की राजधानी कीव पर अपना नियंत्रण हासिल करने के लिए लगता है रूस ने बड़ी सैन्य तैयारी कर ली है। सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर कहा जा रहा है कि यूक्रेन के नॉर्थ वेस्ट से रूसी सैनिकों का एक बड़ा काफिला कीव की तरफ बढ़ रहा है। इस सैन्य काफिले की लंबाई 64 किलोमीटर बताई जा रही है। इस काफिले में बख्तबंद गाड़ियां और टैंक हैं। रूस की सेना कीव के आस-पास मौजूद है और आगे बढ़ने के लिए वह हमले भी कर रही है लेकिन उसे यूक्रेनी सैन्य बलों से तगड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन के 4 शहरों में हवाई हमले का अलर्ट है। 

सोमवार को रूस-यूक्रेन के बीच हुई असफल बातचीत
सोमवार को बेलारूस में रूस और यूक्रेन के बीच असफल बातचीत हुई। इस दौरान कीव पर थोड़े समय के लिए हमले रुके। दोनों देशों के बीच अगले चरण की बातचीत अब पोलैंड-बेलारूस की सीमा पर होनी है। यूक्रेन में युद्ध छठवें दिन में प्रवेश कर गया है। पश्चिम देश युद्ध छेड़ने के लिए रूस पर प्रतिबंधों की घोषणा एवं यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति कर रहे हैं। उनके इन कदमों ने रूस को भड़का दिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने परमाणु हथियार बल को तैयार रहने के लिए कहा है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने नागरिकों को भरोसा देते हुए कहा है कि परमाणु हमले से डरने की जरूरत नहीं है। 

रूस ने यूएन चार्टर की धज्जियां उड़ाईं
पूर्व राजनयिक अशोक सज्जनहार ने कहा कि रूस ने यूएन चार्टर की धज्जियां उड़ा दी हैं। इस देश की संप्रभुता पर हमला हुआ है। यूक्रेन में अराजकता है, इमारतें ध्वस्त हो गई हैं। मानवीय संकट पैदा हुआ है। पांच लाख से ज्यादा लोग बेघर हुए हैं। इन सबका जिम्मेदार रूस है।  रक्षा जानकार मेजर जनरल (रि.) संजय मिस्टन का कहना है कि यूक्रेन ने कोई उकसावे की कार्वराई नहीं की। वह नाटो में शामिल होने की केवल बात कर रहा था। पुतिन ने परमाणु हमले की बात कर एक गैर-जिम्मेदाराना एवं अपरिपक्व बयान दिया है। किसी देश पर केवल इसलिए हमला नहीं कर दिया जाता है कि वह किसी गुट में शामिल होने जा रहा है।  

Russia Ukraine War: मैं सिर्फ अपने बच्चे के लिए जन्मदिन का केक बनाना चाहता था लेकिन...


रूसी मिशन के 12 अधिकारी निष्कासित
इस बीच, अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र में रूसी मिशन के 12 सदस्यों को जासूसी में शामिल ‘खुफिया अधिकारी’होने के आरोप में निष्कासित कर दिया है। यूक्रेन पर रूस के हमले के छठवें दिन अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने यह कदम उठाया है। रूस के हमले की अमेरिका और कई अन्य देशों ने निंदा की है। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी मिशन ने एक बयान में कहा कि रूसी राजनयिकों ने ‘जासूसी गतिविधियों में शामिल होकर अमेरिका में रहने के अपने अधिकार का दुरुपयोग किया है, जो हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नुकसानदेह है।’

End of Article