रेप पर बयान देकर फंसे इमरान खान, बुरी तरह हुए ट्रोल, पूर्व पत्नी ने भी सुनाई खरी-खोटी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 8, 2021, 01:47 PM IST

मानवाधिकार कार्यकर्ता मीनी गबीना ने कहा, 'मैं गारंटी दे सकती हूं कि एक दिन बड़ी संख्या में महिलाएं सामने आएंगी और इमरान खान पर उत्पीड़न यहां तक कि रेप का आरोप लगाएंगी।

रेप पर बयान देकर फंसे इमरान खान, बुरी तरह हुए ट्रोल, पूर्व पत्नी ने भी सुनाई खरी-खोटी
Photo Credit: AP

इस्लामाबाद : देश में बढ़ती महंगाई को लेकर पहले ही लोगों की नाराजगी का सामना कर रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अब ट्रोल हो गए हैं। दरअसल, रेप के लिए समाज में 'बढ़ती अश्लीलता' को जिम्मेदार बताने पर इमरान खान की सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग हुई है। सोशल मीडिया पर इमरान को लेकर ढेर सारे मीम्स बने हैं। कइयों ने विदेशियों के साथ उनके पश्चिमी पहनावे की तस्वीरें शेयर की हैं। खान के इस बयान की लोग आलोचना कर रहे हैं। '      

रेप के  लिए अश्लीलता को बताया जिम्मेदार
लोगों से हाल ही में टेलिफोन पर बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में इमरान खान ने कहा, 'हतिहास हमें बताता है कि समाज में जब अश्लीलता बढ़ती है तो सेक्स अपराध बढ़ते हैं और पारिवारिक ढांचा टूटता है।' यौन हिंसा पर इमरान की यह राय सामने आने पर पाकिस्तानी पत्रकार रीमा उमर ने इमरान पर निशाना साधते हुए कहा, 'रेप को अश्लीलता के साथ जोड़ने वाला इमरान खान का बयान उनकी अज्ञानता दर्शाता है। यह बयान खतरनाक और निंदनीय है।'

बयान के लिए इमरान की हुई ट्रोलिंग
उन्होंने आगे कहा, 'रेप के बारे में उनका यह विचार बताता है कि उन्हें इस बुराई के बारे में कोई समझ नहीं है। यह बयान पीड़िताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए अपराधियों को संरक्षण प्रदान करने वाला है।' एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने उमर को तंज भरे लहजे में जवाब दिया। उसने कहा, 'आपको इमरान खान को थोड़ी ब्रेक देने की जरूरत है क्योंकि उन्हें जो बताया जा रहा है, वह वही कह रहे हैं। उनका बीता जीवन बताता है कि वह कितने खुशमिजाज रहे हैं।'

पूर्व पत्नी जेमिमा ने भी की आलोचना
मानवाधिकार कार्यकर्ता मीनी गबीना ने कहा, 'मैं गारंटी दे सकती हूं कि एक दिन बड़ी संख्या में महिलाएं सामने आएंगी और इमरान खान पर उत्पीड़न यहां तक कि रेप का आरोप लगाएंगी। इस तरह की मानसिकता रखने वाला व्यक्ति खुद में अपराधी है।' रेप पर बयान के लिए पाकिस्तान की कानूनी जमात, मानवाधिकार एवं महिला अधिकार समूहों ने इमरान की आलोचना की है। समूहों ने इमरान के बया को 'तथ्यात्मक रूप से गलत, अंसवेदनशील और खतरनाक बताया है।' इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने भी उनकी आलोचना की है। जेमिमा ने कहा, 'इसकी जिम्मेदारी महिलाओं की नहीं बल्कि पुरुषों की है। पुरुषों को अपनी नजर पर रोक लगानी चाहिए।'

End of Article