Pakistan: तलाक के दिन ही निकाह, चर्चा में है इमरान खान के सांसद की तीसरी शादी, उम्र में है बड़ा फासला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 11, 2022, 04:15 PM IST

पाकिस्‍तान में इमरान खान की पार्टी के सांसद की शादी चर्चा में बनी हुई है। उन्होंने तीसरा निकाह किया है और इसकी जानकारी उसी दिन सामने आई, जब उनकी दूसरी पत्‍नी ने तलाक का फैसला सोशल मीडिया के जरिये सुनाया।

Pakistan: तलाक के दिन ही निकाह, चर्चा में है इमरान खान के सांसद की तीसरी शादी, उम्र में है बड़ा फासला
Photo Credit: Instagram

इस्‍लामाबाद : पाकिस्‍तान में इन दिनों इमरान खान की अगुवाई वाली पाकिस्‍तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के सांसद की तीसरी शादी सुर्खियों में बनी हुई है। यूं तो यह किसी का भी निजी फैसला हो सकता है, लेकिन सांसद ने जिस तरह दूसरी पत्‍नी से तलाक के 24 घंटे के भीतर तीसरा निकाह रचा लिया, उसकी वजह से वह चर्चा में आ गए हैं। फिर, दोनों की उम्र में भी बड़ा फासला है।

इमरान खान की पार्टी के ये सांसद हैं, डॉ. आम‍िर लियाकत, जिनकी उम्र तकरीबन 49 साल है। उन्‍होंने बुधवार को सईदा दानिया शाह से निकाह किया, जो महज 18 साल की हैं। वह पंजाब के लोधरन में एक सम्‍मानित परिवार से ताल्‍लुक रखती हैं। सईदा के साथ अपने निकाह की जानकारी खुद आमिर ने इंस्‍टाग्राम अकाउंट के जरि‍ये दी और तस्‍वीर भी शेयर की। साथ ही यह भी लिखा कि 'बुरे समय को अभी-अभी उन्‍होंने पीछे छोड़ा है। वो गलत फैसला था।'

एक ही दिन आई तलाक, निकाह की जानकारी

आमिर लियाकत पाकिस्‍तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी से सांसद होने के साथ-साथ लोकप्रिय टेलीविजन होस्‍ट भी हैं। जिस दिन उन्‍होंने इंस्‍टाग्राम के जरिये अपनी तीसरी शादी के बारे में दुनिया को बताया, उसी दिन उनकी दूसरी पत्‍नी रहीं सईदा टूबा अनवर ने आमिर लियाकत से तलाक का ऐलान इंस्‍टाग्राम पर किया और यह भी बताया कि दोनों बीते 14 महीने से अलग रह रहे थे। उन्‍होंने यह भी लिखा कि ये फैसला आखिर उनके लिए कितना मुश्किल रहा।

आमिर लियाकत ने साल 2018 में सईदा टूबा अनवर से अपनी दूसरी शादी का ऐलान किया, तब उनकी पहली पत्‍नी सईदा बुशरा इकबाल ने सोशल मीडिया के जरिये बताया था कि आमिर लियाकत ने उन्‍हें फोन पर ही तलाक दे दिया था, जो उनके और उनके बच्‍चों के लिए दिल तोड़ देने वाला था। इससे उन्‍हें गहरी ठेस लगी। इसके बाद 2021 में भी उनके एक्‍टर व मॉडल हानिया खान से निकाह की चर्चा उठी थी, लेकिन तब आमिर लियाकत ने एक वीडियो के जरिये इन अफवाहों पर यह कहते हुए सफाई दी थी कि उनकी केवल एक ही पत्‍नी हैं, टूबा।

End of Article