जापान में जब प्रवासी भारतीयों के बीच पहुंचे पीएम मोदी, लगे Jai Shree Ram और Jai Hind के नारे-VIDEO

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 23, 2022, 06:09 PM IST

PM Modi Japan Visit Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान विजिट पर हैं, आज वहां वो प्रवासी भारतीयों से मुखातिब हुए, इस दौरान का नजारा देखने लायक था।

जापान में जब प्रवासी भारतीयों के बीच पहुंचे पीएम मोदी, लगे Jai Shree Ram और Jai Hind के नारे-VIDEO

PM Modi among Indians in Japan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के दौरे पर हैं इस दौरान जापान में बसे भारतवंशी बेहद खुश नजर आए और उन्होंने अपने प्रिय नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया, पीएम मोदी ने टोक्यो में भारतवंशियों को संबोधित भी किया और कहा कि  भारत और जापान नैसर्गिक सहयोगी हैं तथा भारत की विकास यात्रा एवं क्षमता निर्माण में जापान की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। पीएम मोदी को अपने बीच पाकर भारतीयों ने 'भारत माता की जय' और 'जय श्री राम' के नारे लगकर उनका स्वागत किया।

भारतीय समुदाय के लोगों द्वारा 'भारत माता की जय' के उद्घोष के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भी वे जापान आए, उन्हें काफी स्नेह मिला। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने एक मजबूत और लचीले एवं जिम्मेदार लोकतंत्र की पहचान बनाई है और उसे बीते आठ साल में हमने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाया है।

'जापान से हमारा रिश्ता सामर्थ्य, सम्मान और विश्व के लिए साझे संकल्प का है'

प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, 'जापान से हमारा रिश्ता सामर्थ्य, सम्मान और विश्व के लिए साझे संकल्प का है। जापान से हमारा रिश्ता बुद्ध, बोध, ज्ञान, ध्यान का है।' उन्होंने कहा, 'भारत और जापान नैसर्गिक सहयोगी हैं। भारत की विकास यात्रा में जापान की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। जापान से हमारा रिश्ता आत्मीयता का है, आध्यात्म का है, सहयोग का है, अपनेपन का है।' मोदी ने भारत के क्षमता निर्माण में जापान को एक अहम भागीदार बताया।

'दुनिया को भगवान बुद्ध के विचारों पर, उनके बताए रास्ते पर चलने की बहुत ज़रूरत'

उन्होंने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल हो, दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारा हो, समर्पित माल गलियारा हो, ये भारत-जापान के सहयोग के बहुत बड़े उदाहरण हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की दुनिया को भगवान बुद्ध के विचारों पर, उनके बताए रास्ते पर चलने की बहुत ज़रूरत है। उन्होंने कहा, 'यही रास्ता है जो आज दुनिया की हर चुनौती, चाहे वो हिंसा हो, अराजकता हो, आतंकवाद या जलवायु परिवर्तन हो... इन सबसे मानवता को बचाने का यही मार्ग है।' उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा समस्या का समाधान निकाला है, चाहे समस्या कितनी बड़ी क्यों न रही हो। 

End of Article