नेपाल : बाढ़ और भूस्खलन से मची तबाही, 23 लोगों की मौत, दर्जनों लापता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 11, 2020, 02:48 PM IST

Floods, landslides kill 23 in Nepal: नेपाल में भारी बारिश और भूस्खलन से 23 लोगों के मारे जाने की खबर है। भूस्खलन की चपेट में आने से मकान जमींदोज हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नेपाल : बाढ़ और भूस्खलन से मची तबाही, 23 लोगों की मौत, दर्जनों लापता
Photo Credit: ANI

काठमांडू : नेपाल में भारी बारिश की वजह से नदियों में आई बाढ़ और भूस्खलन से 23 लोगों के मारे जाने की खबर है जबकि दर्जन भर लोग लापता है। समाचार एजेंसी रॉयरटर्स ने शनिवार को यह रिपोर्ट दी। नेपाल में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण नारायणी और अन्य प्रमुख नदियां उफान पर हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिन तक देश में मानसून की बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। देश के अल-अलग हिस्सों में भूस्खलन से कई घरों के जमींदोंज होने की खबर है। घर गिरने से घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बाढ़ की वजह से बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं।

म्यागदी जिले में नौ लोगों की मौत हुई
रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी काठमांड से 200 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में स्थित म्यागदी जिले में नौ लोगों की मौत हुई है जबकि 30 से ज्यादा लोग लापता है। जिला प्रशासक ग्यान नाथ धकाल ने बताया कि शुक्रवार की बाढ़ में कई घर तबाह हो गए। धकाल ने कहा कि हेलिकॉप्टर्स के जरिए 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। उन्होंने कहा, 'मृतकों की संख्या बढ़ सकती है कि क्योंकि राहत एवं बचाव दल पीड़ितों को बचाने के लिए प्रभावित इलाकों में पहुंचे हैं।'

कास्की जिले में सात की मौत
पोखरा में सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी कास्की जिले में सात लोगों की जान गई है। देश के सुदूर पश्चिम जिले जाजरकोट में बाढ़ एवं भूस्खलन से अन्य सात लोगों की मौत हुई है। लामजुंग जिले के वेसीशहर में भूस्खलन होने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। वहीं रुकुम जिले के आठबिसकोट में दो अन्य लोगों की मौत हो गई।

End of Article