दुनिया

फ्लाईदुबई कॉकपिट में 'तबाही' की साजिश? ओमानी सह-पायलट के पास मिले 'Free Palestine' के पर्चे, इजराइल विरोधी सामग्री बरामद

Flydubai Cockpit Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कॉकपिट अटैक करने वाले ओमान के सह-पायलट के पास से 'फ्री पलेस्टाइन' से जुड़े पर्चे और समर्थक सामग्री बरामद हुई है। इजराइली मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से इजराइल विरोधी और फलस्तीन समर्थक विचार रखता था।

Image

फ्लाइट क्रैश करने की नापाक कोशिश नाकाम

Photo : ANI

Flydubai Cockpit Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हवा के दौरान हुए सनसनीखेज कॉकपिट हमले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इजराइली मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान को क्रैश करने की कोशिश करने वाले ओमान मूल के सह-पायलट के सामान से 'फ्री पलेस्टाइन' संगठनों के पर्चे और फलस्तीन समर्थक सामग्री मिली है। बताया जा रहा है कि आरोपी सह-पायलट का झुकाव कट्टरपंथ की तरफ था और वह लगातार इजराइल के खिलाफ नफरत जाहिर करता रहता था।

यह भयावह घटना 30 सितंबर की है, जब उड़ते विमान में सह-पायलट ने मुख्य कमांडर यानी भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के कारण विमान महज दो मिनट के भीतर करीब 16,000 फीट नीचे गिर गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मछार ने हिम्मत नहीं हारी और हमलावर से मुकाबला करते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया।

विमान में मौजूद सभी 180 यात्री और क्रू मेंबर्स बाल-बाल बचे

एएनआई के मुताबिक इसके बाद क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने कॉकपिट में घुसकर सह-पायलट को इयरफोन के तार और प्लास्टिक कफ की मदद से काबू में किया। विमान में सवार दो अन्य ऑफ-ड्यूटी पायलटों की मदद से फ्लाइट को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंड कराया गया। इस तरह विमान में मौजूद सभी 180 यात्री और क्रू मेंबर्स बाल-बाल बच गए। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय कैप्टन की बहादुरी की जमकर तारीफ की है और कहा कि उनकी सतर्कता से 9/11 जैसी भयानक त्रासदी होने से टल गई।

इजराइली विमानों की लैंडिंग अनुमति फिलहाल रद्द

उधर, संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल में कैप्टन स्मित मछार से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें भारत का जांबाज बेटा बताया। इस घटना के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर यूएई को सौंप दिया गया है, जहां अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इस साजिश के तार किसी बाहरी आतंकी संगठन या ईरान से जुड़े थे। इस बीच, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यूएई ने तेल अवीव से आने वाले इजराइली विमानों की लैंडिंग अनुमति फिलहाल रद्द कर दी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article