Donald Trump की पहली पत्नी Ivana का 73 साल की उम्र में निधन, बेटी इवांका ने लिखा भावुक करने वाला पोस्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 15, 2022, 07:39 AM IST

अमेरिका के पूर्व राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप (Donald Trump) की पहली पत्‍नी इवाना ट्रंप (Ivana Trump) का 73 साल की उम्र में निधन हो गया है। इसकी जानकारी खुद ट्रंप ने दी है।

Donald Trump की पहली पत्नी Ivana का 73 साल की उम्र में निधन, बेटी इवांका ने लिखा भावुक करने वाला पोस्ट
Photo Credit: AP

न्यूयॉर्क: डोनाल्ड ट्रम्प की पहली पत्नी और उनके तीन सबसे बड़े बच्चों की माँ इवाना ट्रम्प का गुरुवार को 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इस बात की जानकारी खुद पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप ने थी। डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'इवाना ट्रम्प का न्यूयॉर्क शहर में अपने घर पर निधन हो गया।' उन्होंने मौत का कारण नहीं बताया लेकिन न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि कानून प्रवर्तन अधिकारी जांच कर रहे हैं कि क्या वह अपने मैनहट्टन अपार्टमेंट में सीढ़ियों से तो नहीं गिर गई थीं। मां के निधन पर बेटी इंवाका ट्रंप ने भावुक करने वाला पोस्ट लिखा और कहा, 'मां के निधन से मन व्यथित है। माँ शानदार, आकर्षक, भावुक और मजाकिया प्रवृत्ति की थीं। उन्होंने जीवन को पूरी तरह से जिया - हंसने और नृत्य करने का अवसर कभी नहीं छोड़ा। मैं उन्हें हमेशा याद करूंगी और उनकी याद को हमेशा अपने दिलों में जिंदा रखूंगी।'

पुलिस का बयान

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने एएफपी को एक ईमेल के माध्यम से बताया कि अधिकारियों ने अपर ईस्ट साइड, जहां इवान रहती थी, वहां से एक कॉल प्राप्त हुआ। प्रवक्ता ने कहा, 'वहां जाकर अधिकारियों ने देखा एक 73 वर्षीय महिला को बेहोश और बेदम पड़ी हुई है। ईएमएस (आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं) तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ित को घटनास्थल पर मृत घोषित कर दिया। यह कोई अपराध प्रतीत नहीं होता है और डॉक्टर मौत का कारण निर्धारित करेंगे।'

ट्रंप का पोस्ट

इससे पहले 76 साल के डोनाल्‍ड ट्रंप ने पूर्व पत्‍नी के निधन की सूचना देते हुए लिखा है- ‘इवाना ट्रंप से प्‍यार करने वाले लोगों को यह बताते हुए मुझे बहुत दुख हो रहा है कि उनका न्‍यूयार्क शहर में निधन हो गया है। वह एक अद्भुत और सुंदर महिला थीं, जिन्‍होंने एक प्रेरणादायक जीवन व्‍यतीत किया। इवाना ट्रंप के तीनों बच्‍चे डोनाल्‍ड जूनियर, इवांका और एरिक पर उन्‍हें गर्व था। हमे भी इवाना ट्रंप पर गर्व है। भगवान इवाना की आत्मा को शांति प्रदान करे।’

1977 में की थी शादी

चेकोस्लोवाकिया में कम्युनिस्ट शासन के तहत पली-बढ़ी मॉडल इवाना ट्रम्प ने 1977 में डोनाल्ड ट्रम्प से शादी की, जो उस समय ट्रंप रियल एस्टेट डेवलपर कारोबार में नए-नए आए थे। उनका पहला बच्चा, डोनाल्ड जूनियर, उस वर्ष के अंत में पैदा हुआ था। इवांका का जन्म 1981 में और एरिक का जन्म 1984 में हुआ था। एरिक ट्रम्प ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर अपनी मां को श्रद्धांजलि पोस्ट करते हुए लिखा, 'हमारी माँ एक अविश्वसनीय महिला थी - कुशल व्यवसायी, एक विश्व स्तरीय एथलीट, एक शानदार और देखभाल करने वाली माँ और दोस्त।'

ट्रंप ने तीन तो इवाना ने की थी चार शादियां

80 के दशक के दौरान, ट्रम्प न्यूयॉर्क के सबसे हाई-प्रोफाइल कपल में से एक थे, उनकी असाधारण जीवनशैली तब हर तरफ चर्चा की विषय बनी रहती थी। डोनाल्ड ट्रम्प के संपत्ति व्यवसाय के बढ़ने के साथ ही उनकी हैसियत और सेलिब्रिटी में वृद्धि हुई और इवाना ट्रम्प ने व्यवसाय में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाईं। डोनाल्ड ट्रम्प और इवाना ट्रम्प ने 90 के दशक की शुरुआत में तलाक ले लिया और 1993 में अभिनेत्री मेपल्स से शादी कर ली। मेपल्स के साथ डोनाल्ड ट्रम्प का रिश्ता  1999 तक चला। उन्होंने 2005 में तीसरी और वर्तमान पत्नी मेलानिया ट्रम्प से शादी की। वहीं इवाना ट्रम्प ने अपने जीवन में चार बार शादी की थी। डोनाल्ड ट्रम्प से शादी करने से पहले भी वह एक शादी कर चुकी थी और इसके बाद aउन्होंने दो बार बाद में शादी की।

End of Article