VIDEO: उप-राष्ट्रपति के चेहरे पर यहां तान दी गई पिस्तौल, रह गईं हक्की-बक्की; देखें- आगे क्या हुआ?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 2, 2022, 01:20 PM IST

राष्ट्रपति की ओर से कहा गया कि उप-राष्ट्रपति के मर्डर का प्रयास किया गया। एक शख्स ने उनके सिर पर हथियार ताना था।

VIDEO: उप-राष्ट्रपति के चेहरे पर यहां तान दी गई पिस्तौल, रह गईं हक्की-बक्की; देखें- आगे क्या हुआ?
Photo Credit: BCCL

अर्जेंटीना की उप-राष्ट्रपति क्रिस्टीना फर्नांडीज का कत्ल करने का प्रयास किया गया। समर्थकों और भीड़ के सामने उनके चेहरे पर एक शख्स ने आकर पिस्तौल तान दी थी। वह भी बिल्कुल नजदीक आकर। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि वह इस दौरान बाल-बाल बच गईं। यह पूरा वाकया जब हुआ, तो वहां पत्रकार और वीडियो जर्नलिस्ट भी थे, जिनके कैमरे में घटना कैद हो गई।  

स्थानीय टेलीविजन चैनल पर प्रसारित घटनास्थल के वीडियो में फर्नांडीज अपने घर के बाहर समर्थकों से घिरे अपनी गाड़ी से बाहर निकलती दिख रहीं थीं। इसी बीच, एक व्यक्ति ‘‘पिस्तौल’’ जैसी दिखने वाली कोई एक वस्तु लिए नजर आया। बताया गया कि ऐन मौके पर ट्रिगर फंस गया था। जैसे ही उसने पिस्तौल दिखाई थी तो वह हक्की बक्की रह गईं और फौरन झुक गईं। उपराष्ट्रपति वहां से फटाफट निकलने में कामयाब रहीं।

Cristina Fernandez, Argentina, World News

जिस वक्त शख्स ने उन पर पिस्तौल तानी थी, उस दौरान यह खबर टीवी पर फ्लैश की गई थी। (फोटोः एपी)

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संदिग्ध व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन उसे घटना के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया गया। वीडियो में मौके पर मौजूद उपराष्ट्रपति के समर्थक भी स्तब्ध नजर आए।

वहीं, राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज ने बताया कि देश की उपराष्ट्रपति क्रिस्टीना फर्नांडीज की हत्या करने की कोशिश की गई। उन्होंने एक नेशनल ब्रॉडकास्टर से कहा, ‘‘एक व्यक्ति ने उनके सिर पर (गुरुवार रात) हथियार ताना था।’’ उन्होंने कहा कि गोली नहीं चली।

सुरक्षा मंत्री एनीबल फर्नांडीज ने समाचार चैनल ‘सी5एन’ से कहा, ‘‘ जिस व्यक्ति के पास हथियार था, उसे (उपराष्ट्रपति के) सुरक्षा कर्मियों ने हिरासत में ले लिया।’’ मंत्री के मुताबिक, वह इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते क्योंकि जांच फिलहाल जारी है।

Cristina Fernandez, Argentina, World Newsअर्जेंटीना की उपराष्ट्रपति क्रिस्टीना फर्नांडीज सोशल मीडिया पर खासा एक्टिव रहती हैं। (फोटोः टि्वटर/@CFKArgentina)

वित्त मंत्री सर्जियो मास्सा ने कहा, ‘‘जब विचारों पर नफरत और हिंसा थोपी जाती है, तो समाज बर्बाद हो जाते हैं और आज जैसी स्थिति उत्पन्न होती है। यह हत्या का प्रयास है।’’

राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज की सरकार में मंत्रियों ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि वे उपराष्ट्रपति की ‘‘हत्या के प्रयास की कड़ी निंदा करते हैं।’’ विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘आज रात जो हुआ वह अत्यधिक गंभीर घटना है और लोकतंत्र, संस्थाओं व कानून के शासन के लिए खतरा है।’’

देखें, घटना के दौरान क्या हुआ था?:

सोशल मीडिया पर वायरल असत्यापित वीडियो में हथियार फर्नांडीज के चेहरे को लगभग छूता नजर आया। सरकार के अधिकारियों ने इस घटना को हत्या का प्रयास बताया। 

दरअसल, एक अभियोजक ने पिछले हफ्ते सार्वजनिक कार्यों में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में फर्नांडीज को 12 साल की सजा देने की मांग की थी, जिसके बाद से उपराष्ट्रपति के समर्थक उनके साथ एकजुटता दिखाने के लिए उनके घर के आसपास सड़कों पर जमा होते रहे हैं। उपराष्ट्रपति क्रिस्टीना फर्नांडीज 2007 से 2015 तक देश की राष्ट्रपति भी रह चुकी हैं। (एपी इनपुट्स के साथ) 

End of Article