Texas: भारतीय अमेरिकी छात्र के साथ मारपीट, काफी देर तक गला घोंट रखा, 3 दिन सस्पेंड भी किया, वीडियो वायरल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 17, 2022, 08:35 PM IST

अमेरिका के टेक्सास के एक स्कूल का वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि एक छात्र भारतीय अमेरिकी लड़के का गला अपनी कोहनी से काफी देर तक घोंट देता है। बाद में आरोपी को एक दिन के लिए और पीड़ित को 3 दिन के लिए सस्पेंड किया जाता है।

Texas: भारतीय अमेरिकी छात्र के साथ मारपीट, काफी देर तक गला घोंट रखा, 3 दिन सस्पेंड भी किया, वीडियो वायरल

अमेरिका के टेक्सास में एक भारतीय अमेरिकी लड़के के साथ स्कूल में दुर्व्यवहार किया गया। इसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है। NBC की एक रिपोर्ट के अनुसार, जिस छात्र को परेशान किया गया उसके माता-पिता ने कहा कि घटना के बाद उनके बेटे को तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया, जबकि अपराधी को एक दिन के लिए निलंबित किया गया। 

लड़के की मां ने कहा कि वो भयानक था। मैं तीन रात सो नहीं सकी। ऐसा लगा जैसे मेरा दम घुट रहा हो। मैं इसे देखकर कई बार रोई। 

वीडियो में एक छात्र को भारतीय अमेरिकी लड़के को उसकी सीट से उठने के लिए कहते हुए देखा जा सकता है। जब भारतीय अमेरिकी लड़के ने मना कर दिया, तो वह उसका गला दबा देता है और उसे जबरदस्ती सीट से हटा देता है। बताया जाता है कि आरोपी ने छात्र का करीब 4 मिनट तक गला घोंटा। 

नॉर्थ अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ इंडियन स्टूडेंट्स ने एक ट्वीट में कहा कि एक मिडिल स्कूल के छात्र की परेशान करने वाली फुटेज देखी। एक छात्र द्वारा चार मिनट से अधिक समय तक मारपीट और गला घोंट दिया गया। यह घटना डलास के एक उपनगर, कॉपेल मिडिल स्कूल में हुई। पीड़ित को तीन दिन का निलंबन मिला, जबकि हमलावर को एक दिन का मिला।

इस घटना से सोशल मीडिया पर गुस्सा है और इसकी खूब आलोचना हो रही है। यह घटना कथित तौर पर 11 मई को हुई थी।
 

End of Article