दुनिया

अमेरिका के केंटकी में आसमान से बरसी आफत, बाढ़ की चपेट में आने से 4 की मौत, गवर्नर ने घोषित की इमरजेंसी

kentucky Floods: अमेरिका के केंटकी में मूसलाधार बारिश के बाद आई भयानक बाढ़ में चार लोगों की मौत हो गई है। हालात बिगड़ते देख गवर्नर एंडी बेशर ने राज्य में इमरजेंसी की घोषणा कर दी है। कई इलाकों में 7 से 10 इंच तक बारिश दर्ज की गई है, जिससे घरों और गाड़ियों में फंसे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू टीमें जुटी हैं।

Image

केंटकी में रिकॉर्ड तोड़ बारिश से मची तबाही

Photo : AP

अमेरिका के केंटकी राज्य में मूसलाधार बारिश और भयंकर गरज-चमक के साथ आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशर ने शनिवार को जानकारी दी कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य में 'स्टेट ऑफ इमरजेंसी' (आपातकाल) लागू कर दी गई है, क्योंकि मौसम विभाग ने अभी और भारी बारिश होने की आशंका जताई है।

बाढ़ का सबसे ज्यादा असर मैडिसन और जैक्सन काउंटी में देखा गया है। गवर्नर बेशर ने सोशल मीडिया पर बताया कि मैडिसन काउंटी में तीन और जैक्सन काउंटी में एक व्यक्ति की मौत बाढ़ के पानी की चपेट में आने से हुई है। उन्होंने इस स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं और पानी में फंसी गाड़ियों तथा घरों से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए कई रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा चुके हैं।

घरों को खाली करने की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, केंटकी और पड़ोसी राज्य इंडियाना के कई हिस्सों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की चेतावनी जारी की गई है। इंडियाना के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में पहले ही 4 से 10 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। वहीं, केंटकी में भी देर रात तक 7 इंच तक और पानी बरसने का अनुमान जताया गया है।

सुरक्षा के लिहाज से लोगों को मकानों से जा रहा हटाया

इसी बीच, लुइसविले शहर के बाहरी इलाके बुल्लिट काउंटी में प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर एक ग्रामीण सड़क के किनारे रहने वाले लोगों को तुरंत घर खाली करने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, लगातार हो रही बारिश की वजह से वहां एक बांध के किनारे भूस्खलन हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह है कि बांध अभी सुरक्षित है और उसके टूटने का कोई तुरंत खतरा नहीं है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से लोगों को वहां से हटाया जा रहा है।

गवर्नर ने आम जनता से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें और खासकर रात के समय गाड़ी चलाने से बचें, क्योंकि कम विजिबिलिटी के कारण पानी का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article