दुनिया

सीमा पर भीषण संघर्ष के बाद सीजफायर पर राजी हुए PAK-अफगानिस्तान, संघर्षविराम पर अलग-अलग दावे

सरकारी ‘पीटीवी न्यूज़’ ने पूर्व में बताया था कि पाकिस्तानी सैन्य बलों ने अफ़ग़ानिस्तान के कंधार प्रांत और राजधानी काबुल में 'सटीक हमले' किए। ‘पीटीवी न्यूज़’ ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से ‘एक्स’ पर कहा, 'अफगान तालिबान के आक्रमण के खिलाफ पाकिस्तानी सेना की जवाबी कार्रवाई में प्रमुख ठिकाने नष्ट कर दिए गए।

Image

पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच हुआ सीजफायर। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

Ceasefire: सीमा पर भीषण संघर्ष के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने बुधवार को सीजफायर की घोषणा की। इस संघर्ष में दोनों तरफ लोग बड़ी संख्या में हताहत हुए हैं। हालांकि, इस सीजफायर को लेकर दोनों देशों ने विरोधाभासी बयान दिया। संघर्ष रोकने की मांग किस देश ने की इस पर दोनों ने अलग-अलग दावे किए हैं। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा कि तालिबान के अनुरोध पर दोनों पक्षों की आपसी सहमति से आज शाम छह बजे से अगले 48 घंटों के लिए पाकिस्तान सरकार और अफगानिस्तान के तालिबान शासन के बीच एक अस्थायी संघर्ष विराम का फैसला किया गया है।'

'उकसावे की कार्रवाई का जवाब दें'

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक अफगानिस्तान सरकार के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि 'पाकिस्तानी पक्ष के अनुरोध और आग्रह पर, दोनों देशों के बीच संघर्षविराम आज शाम 5:30 बजे के बाद प्रभावी होगा।' सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मुजाहिद ने कहा कि सरकार ने अपने सशस्त्र बलों को निर्देश दिया है कि वे संघर्ष विराम का सम्मान करें, जब तक कि उकसावे की कोई कार्रवाई ना हो।

काबुल में 'सटीक हमले' किए-पाक का दावा

विदेश कार्यालय ने कहा, 'इस अवधि के दौरान, दोनों पक्ष रचनात्मक बातचीत के माध्यम से इस जटिल लेकिन सुलझने योग्य मुद्दे का सकारात्मक समाधान खोजने के लिए गंभीर प्रयास करेंगे।' सरकारी ‘पीटीवी न्यूज़’ ने पूर्व में बताया था कि पाकिस्तानी सैन्य बलों ने अफ़ग़ानिस्तान के कंधार प्रांत और राजधानी काबुल में 'सटीक हमले' किए। ‘पीटीवी न्यूज़’ ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से ‘एक्स’ पर कहा, 'अफगान तालिबान के आक्रमण के खिलाफ पाकिस्तानी सेना की जवाबी कार्रवाई में प्रमुख ठिकाने नष्ट कर दिए गए। पाकिस्तानी सेना ने अफगान तालिबान के प्रमुख ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया।'

तालिबान के कई हमले नाकाम-पाक सेना

पोस्ट में कहा गया, 'ये सटीक हमले अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में किए गए। इन हमलों के परिणामस्वरूप, अफगान तालिबान बटालियन संख्या 4 और बॉर्डर ब्रिगेड संख्या 6 पूरी तरह से नष्ट हो गए। दर्जनों विदेशी और अफगान आतंकवादी मारे गए।' इससे पहले, पाकिस्तानी सेना ने कहा था कि उसने अफगान तालिबान के कई हमलों को नाकाम कर दिया और दोनों देशों के बीच सीमा पर हुई झड़पों की अलग-अलग घटनाओं में 40 से अधिक हमलावरों को मार गिराया। सेना ने कहा, 'हमले को विफल करते समय 15-20 अफगान तालिबान मारे गए और कई घायल हो गए।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article