दुनिया

11,000 फुट की ऊंचाई पर आतंकी हमला; उड़ान के दौरान विमान में हुआ सुराख, हवा के दबाव से चार यात्री गिरे

2 April India World History: वर्ष 1986 में दो अप्रैल को प्लेन की एक सीट के नीचे रखा बम फटने से रोम से काहिरा जा रहे विमान में 11,000 फुट की ऊंचाई पर एक बड़ा सा सुराख हो गया। चार लोग हवा के दबाव से विमान से बाहर गिर गए।

Image

11,000 फुट की ऊंचाई पर आतंकी हमला; उड़ान के दौरान विमान में हुआ सुराख, हवा के दबाव से चार यात्री गिरे

History Today 2 April Big Incident: दो अप्रैल का दिन दुनिया के विमानन इतिहास में एक अनोखी घटना के लिए दर्ज है। वर्ष 1986 में दो अप्रैल को अमेरिका की प्रमुख विमानन कंपनी टीडब्ल्यूए के यात्री जेट विमान बोइंग 727 की एक सीट के नीचे रखा बम फटने से रोम से काहिरा जा रहे विमान में 11,000 फुट की ऊंचाई पर एक बड़ा सा सुराख हो गया और उस जगह पर बैठे चार लोग हवा के दबाव से विमान से बाहर गिर गए।

इनमें आठ माह की एक बच्ची भी शामिल थी। विमान चालक ने बड़ी सावधानी से विमान को एथेंस में उतारकर बाकी यात्रियों की जान बचा ली। अरब रेवॉल्यूशनरी सेल्स की एजेदीन कासम यूनिट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली और इसे लीबिया के खिलाफ अमेरिकी बमबारी का बदला बताया।

भारत के लिए क्यों खुशियों भरा था ये दिन?

भारत के लिहाज से यह तारीख महत्वपूर्ण है, क्योंकि 2011 में इसी दिन भारत ने दूसरी बार क्रिकेट विश्व कप पर कब्जा करके 1983 की विश्व कप जीत की स्मृतियों को ताजा कर दिया।

इसके अलावा दो अप्रैल 2020 को सीमित ओवरों की क्रिकेट में बारिश से प्रभावित मैचों के लिये डकवर्थ-लुईस-स्टर्न विधि तैयार करने में अहम भूमिका निभाने वाले टोनी लुईस का 78 साल की उम्र में निधन हो गया। टोनी ने अपने साथी गणितिज्ञ फ्रैंक डकवर्थ के साथ मिलकर डकवर्थ लुईस विधि तैयार की थी जिसे 1997 में पेश किया गया और आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) ने 1999 में आधिकारिक तौर पर इसे अपनाया। ’इस विधि को 2014 में डकवर्थ-लुईस-स्टर्न विधि नाम दिया गया। यह गणितीय फार्मूला अब भी दुनिया भर में बारिश से प्रभावित सीमित ओवरों के क्रिकेट मैचों में उपयोग किया जाता है।

देश-दुनिया के इतिहास में दो अप्रैल क्यों कुछ बड़ा हुआ था?

1679 : मुगल बादशाह औरंगजेब ने अपनी सल्तनत के हिंदुओं पर फिर से जजिया कर लगाया। इस कर को अकबर ने समाप्त किया था।

1902 : लॉस एंजिलिस में पहला मोशन पिक्‍चर थियेटर खुला।

1902 : हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत के फनकार बड़े गुलाम अली खां का जन्म।

1933 : भारतीय क्रिकेट के जनक माने जाने वाले रणजीत सिंह का निधन।

1912 : टाइटैनिक का समुद्री परीक्षण शुरू।

1970 : ’असम पुनर्गठन अधिनियम’ के तहत भारत के उत्तर-पूर्व में मेघालय को स्वायत्तशासी राज्य का दर्जा हासिल हुआ। इस राज्य का गठन असम के दो जिलों संयुक्त गारो और जयन्तिया और खासी हिल्स को मिलाकर किया गया।

1982 : अर्जेंटीना ने दक्षिणी अटलांटिक महासागर में स्थित फॉकलैंड द्वीप समूह पर हमला किया।

1986 : अमेरिकी विमानन कंपनी के बोइंग विमान में बीच हवा में बम फटने से सुराख हुआ। चार यात्री हवा के दबाव से विमान से गिरे। पायलट ने विमान को सुरक्षित उतारा।

1997 : सुमिता सिन्हा ने एक रिकार्ड बनाया, जब 3200 किलोग्राम वजन का एक ट्रक उनके ऊपर से गुजरा।

2005 : वैटिकन का सर्वोच्च पद संभालने वालों में से एक पोप जॉन पॉल द्वितीय का निधन।

2011 : भारत ने 1983 में विश्व कप की शानदार जीत को दोहराते हुए दूसरी बार विश्व कप जीता।

2018 : दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद विरोधी आंदोलन के प्रमुख नेता नेल्सन मंडेला की पूर्व पत्नी विनी मंडेला का 81 साल की उम्र में निधन।

अल्पसंख्यक शासन को खत्म करने की लड़ाई में उनकी भूमिका अहम थी, हालांकि वह विवादों में भी घिरीं।

2020 : दुनियाभर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या दस लाख के करीब पहुंची। इसी दिन, सीमित ओवरों की क्रिकेट में बारिश से प्रभावित मैचों के लिये डकवर्थ-लुईस-स्टर्न विधि तैयार करने में अहम भूमिका निभाने वाले टोनी लुईस का 78 साल की उम्र में निधन।

2021 : पूर्वी ताइवान में पटरी से उतरी ट्रेन, 48 की मौत और कई घायल।

2023 : प्रशंसकों की मांग पर छक्का जड़ने के लिए मशहूर 1960 के दशक के दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

2024 : तुर्किये के इस्तांबुल में एक नाइटक्लब में मरम्मत कार्य के दौरान आग लगने की घटना में 29 लोगों की मौत।

2025 : गाजा में इजराइल के हवाई हमलों में 43 फलस्तीनियों की मौत।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article