दुनिया

23 वर्षीय तुषार कुमार ने रचा इतिहास, ब्रिटेन के सबसे युवा भारतवंशी मेयर बने; संभाल चुके हैं डिप्टी मेयर का पद

UK Politics: ब्रिटेन में 23 वर्षीय तुषार कुमार ने इतिहास रच दिया है। तुषार ब्रिटेन के सबसे युवा भारतवंशी मेयर बन गए हैं। इससे पहले, तुषार कुमार डिप्टी मेयर का पद संभाल चुके हैं।

Image

भारतवंशी तुषार कुमार बोरेहामवुड के मेयर बने (फोटो साभार: @CllrTusharKumar)

Photo : Twitter

UK Politics: ब्रिटेन में 23 वर्षीय तुषार कुमार ने इतिहास रच दिया है। तुषार ब्रिटेन के सबसे युवा भारतवंशी मेयर बन गए हैं। उन्हें आधिकारिक तौर पर एल्स्ट्री (Elstree) और बोरेहामवुड (Borehamwood) का मेयर नियुक्त किया गया है।

तुषार की कब हुई नियुक्ति

तुषार कुमार की नियुक्ति की घोषणा 13 मई को बोरेहामवुड स्थित फेयरवे हॉल में आयोजित काउंसिल के 'मेयर मेकिंग सेरेमनी' के दौरान हुई।

कौन हैं तुषार कुमार?

तुषार कुमार ने किंग्स कॉलेज लंदन से पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई की। मेयर बनने से पहले वह डिप्टी मेयर के पद पर रह चुके हैं। भारतवंशी तुषार कुमार कॉलेज के दिनों से ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने बोरेहामवुड में कई स्थानीय सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियां में हिस्सा लिया। उन्होंने ब्रिटेन के डिपार्टमेंट फॉर वर्क एंड पेंसंस में पॉलिसी एडवाइजर के रूप में भी काम किया है।

मेयर नियुक्त होने पर क्या बोले तुषार

मेयर नियुक्त होने पर तुषार कुमार ने इसे अविश्वसनीय सम्मान करार दिया। उन्होंने कहा, ''किंग्स कॉलेज लंदन में पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई से लेकर अब अपने पसंदीदा शहर का मेयर बनने तक का सफर मेरे लिए किसी सपने जैसा है।''

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, तुषार कुमार ने निवर्तमान मेयर डैन ओजारो का आभार जताया। उन्होंने कहा कि डिप्टी मेयर के रूप में काम करते वक्त डैन ने लगातार उनका मार्गदर्शन किया। तुषार कुमार ने कहा कि मेयर के रूप में उनकी प्राथमिकता समुदाय के बीच सक्रिय रहना, स्थानीय संगठनों और चैरिटी संस्थाओं का समर्थन करना और युवाओं को सार्वजनिक सेवा व सामुदायिक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रेरित करना होगी।

ब्रिटिश भारतीयों को सिखाते हैं हिंदी

तुषार कुमार महज राजनीतिक जीवन में ही सक्रिय नहीं हैं, बल्कि वह ब्रिटिश भारतीय बच्चों को मुफ्त में हिंदी सिखाते हैं। इसके अतिरिक्त, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, दीवाली, होली जैसे कार्यक्रमों का आयोजन कराते रहे हैं। तुषार का मानना है कि राजनीति महज सत्ता या पद के लिए नहीं, बल्कि सेवा और बदलाव के लिए की जाती है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article