दुनिया

अफगानिस्तान ने कितने पाकिस्तानी सैनिकों को मारा, खुद पाक आर्मी ने बता दिया

पाकिस्तानी सेना ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर रात भर हुई भीषण झड़पों में कम से कम 23 पाकिस्तानी सैनिक और तालिबान तथा उससे संबद्ध 200 से अधिक आतंकवादी मारे गए। सीमा पार से आक्रमण के एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पड़ोसियों के बीच तनाव बढ़ गया है।

Image

तालिबानी लड़ाके (फाइल फोटो- AP)

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर हुई रातभर की भीषण झड़पों ने दक्षिण एशिया में सुरक्षा संकट को और गहरा कर दिया है। दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे पर “अकारण हमले” का आरोप लगा रही हैं, जबकि हिंसा में दोनों तरफ भारी जनहानि की खबर है। पाकिस्तानी सेना ने रविवार को कहा कि 11-12 अक्टूबर की मध्यरात्रि को अफगान तालिबान और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों ने “पाकिस्तान-अफगान सीमा पर बिना किसी उकसावे के हमला किया।” सेना के अनुसार, इस संघर्ष में 23 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 29 घायल हुए, जबकि 200 से अधिक तालिबान और संबद्ध आतंकवादी ढेर कर दिए गए।

पाकिस्तानी सेना का दावा: आतंकियों के ठिकाने तबाह

सेना के बयान में कहा गया है कि सीमा पार से गोलीबारी और आतंकवादी हमलों का उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों को अस्थिर करना और पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देना था। “पाकिस्तानी बलों ने पूरी सीमा पर हमले को निर्णायक रूप से विफल कर दिया और तालिबान बलों व संबद्ध ख्वारजियों (टीटीपी आतंकवादियों) को भारी नुकसान पहुंचाया।" सेना ने बताया कि उसने अफगान क्षेत्र के अंदर तालिबान शिविरों, चौकियों और प्रशिक्षण केंद्रों पर सटीक हमले किए और 21 दुश्मन ठिकानों पर अस्थायी कब्जा कर कई आतंकवादी ढांचे ध्वस्त किए।

अफगानिस्तान का जवाबी दावा

दूसरी ओर, तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अफगान बलों ने सफल जवाबी कार्रवाई की। अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा — “अगर विरोधी पक्ष फिर से अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करता है, तो हमारे सशस्त्र बल देश की सीमाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं और माकूल जवाब देंगे।” ‘टोलो न्यूज’ के मुताबिक, तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि अफगान बलों की कार्रवाई में 58 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 30 घायल हुए। उन्होंने कहा कि 20 पाकिस्तानी चौकियां नष्ट की गईं और बड़ी मात्रा में हथियार व सैन्य उपकरण जब्त किए गए। इस झड़प में 9 अफगान सैनिकों की मौत और 16 के घायल होने की पुष्टि की गई। मुजाहिद ने बताया कि कतर और सऊदी अरब के अनुरोध पर यह सैन्य अभियान मध्यरात्रि के बाद रोक दिया गया।

राजनीतिक नेतृत्व ने दी प्रतिक्रिया

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देश की संप्रभुता पर ‘‘किसी भी प्रकार के समझौते’’ से इनकार करते हुए सेना की ‘‘मुंहतोड़ प्रतिक्रिया’’ की सराहना की। जरदारी ने तालिबान सरकार से अपील की कि वह अफगान धरती से सक्रिय पाकिस्तान-विरोधी आतंकवादी तत्वों पर ‘‘ठोस और सत्यापन योग्य कार्रवाई’’ करे। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने तालिबान के हमलों को ‘‘अकारण’’ बताया और आरोप लगाया कि अफगान बलों ने आम नागरिकों पर गोलीबारी की, जो ‘‘अंतरराष्ट्रीय कानूनों का घोर उल्लंघन’’ है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article