Ukraine Russia War: यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध के बीच रूसी सेना के कैंप पर भीषण 'आतंकवादी हमला' (Terrorist Attack) हुआ है। यूक्रेन (Ukraine) के नजदीक स्थित रूसी सेना (Russia) के फायरिंग रेंज पर हुए इस आतंकी हमले में 11 सैनिक मारे गए हैं जबकि 15 अन्य घायल हुए हैं, जिसकी पुष्टि खुद रूस के रक्षा मंत्रालय ने की है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि गोलीबारी की घटना दक्षिण-पश्चिमी रूस के बेलगोरोड क्षेत्र में हुई, जो यूक्रेन (Ukraine) की सीमा से सटी हुई है। बयान के मुताबिक, दो हमलावर जो वॉलेंटियर के रूप में रूसी सेना में काम कर रहे थे, उन्होंने टारगेट प्रैक्टिस के दौरान अन्य सैनिकों पर गोलीबारी की जिन्हें बाद में मार गिराया।
पुतिन का आदेश
मंत्रालय ने इस घटना को आतंकवादी हमला बताया। गोलीबारी की यह घटना राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Putin) द्वारा यूक्रेन में रूसी सेना को मजबूत करने के आदेश के बीच हुई है। पुतिन के ऐलान के बाद देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं और सैकड़ों हजारों रूस भाग गए हैं। पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि 300,000 सैनिकों की भर्ती के प्रयास के तहत 220,000 से अधिक को पहले ही बुलाया जा चुका है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त नागरिकों की सेना में तैनाती संबंधी उनके फैसले पर दो सप्ताह में पूरी तरह अमल किया जाएगा।
रूस ने फिर किया मिसाइल अटैक
इस बीच यूक्रेन की राजधानी कीव स्थित एक प्रमुख बिजली संयंत्र को रूसी मिसाइल हमले में गंभीर नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन की बिजली आपूर्तिकर्ता कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी। इसने कहा कि रूसी सेना ने आबादी वाले इलाकों में पानी और बिजली आपूर्ति बाधित करने का प्रयास किया। कीव प्रांत के गवर्नर ओलेक्सी कुलेबा ने कहा कि मिसाइल हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है। बिजली आपूर्तिकर्ता कंपनी यूक्रेनर्गो ने कहा कि मरम्मत दल बिजली बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं। सरकार ने जनता से बिजली कटौती के लिए तैयार रहने और बिजली खपत कम करने की अपील की है।
