कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक लड़की का वीडियो खूब वायरल हो रहा था जिसमें लड़की ने राह चलते लोगों पर सिविक सेंस को लेकर सवालिया निशान खड़े किए थे। लड़की का वह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और लोगों ने उसे खूब ट्रोल किया। फिलहाल लड़की का एक और वीडियो इस वक्त वायरल हो रहा है जिसमें वह अपने उस वायरल वीडियो को लेकर सफाई देते हुए नजर आ रही है।
वीडियो को लेकर लड़की ने दी अपनी सफाई
वीडियो में लड़की को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उस दिन वह स्नैपचैट के लिए एक वीडियो शूट कर रही थी, जब कुछ लोग आकर उसके पीछे खड़े हो गए और उसे घूरने लगे। यह देख लड़की घबरा गई और उसने अपनी लोकेशन चेंज कर दूसरी जगह पर वीडियो शूट करना शुरू किया। इस बार फिर से लोगों का बार-बार उसके फ्रेम में आना-जाना लगा रहा। तब जाकर लड़की ने वीडियो में सिविक सेंस को लेकर वह बात कही थी।
लड़की ने लोगों से मांगी माफी
आगे वीडियो में लड़की ने माफी मांगते हुए कहा कि वह अभी सोशल मीडिया पर हर दिन कुछ ना कुछ सीख रही है। इस दौरान अगर उसके कहे शब्दों से लोगों की भावना आहत हुई है तो वह उसके लिए माफी मांगती है। लड़की ने यह भी कहा कि ट्रोल करना भी इंटरनेट का एक पार्ट है जिससे वह सहमत है, लेकिन क्या उसे सोशल मीडिया पर गाली देना और धमकियां देना जायज है? इस वायरल वीडियो को सोशल साइट एक्स पर 'घर के क्लेश' नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है।
क्या था पिछला वीडियो?
पिछले वीडियो में लड़की को एक वीडियो शूट करते हुए देखा गया था। चूंकि वीडियो के फ्रेम में एक व्यक्ति आ जाता है, इस पर लड़की गुस्सा हो जाती है और वह लोगों के सिविक सेंस को लेकर सवाल खड़े कर देती है। वीडियो में आप लड़की को यह कहते हुए सुन सकते हैं कि ऐसे लोगों में सिविक सेंस नाम की चीज नहीं बची है और ना ही अपनी गलती पर माफी मांगने का शिष्टाचार है।
क्यों फूटा लोगों का गुस्सा?
इस वायरल वीडियो पर लोगों का कहना था कि पब्लिक प्लेस पर वीडियो शूट करना कहां की समझदारी है और पब्लिक प्लेस पर लोगों का आना-जाना तो लगा रहता है। इसे लेकर किसी दूसरे के सिविक सेंस पर कीचड़ उछालने से पहले अपनी सिविक सेंस की जांच जरूर कर लें। लड़की के इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने उसे बहुत ट्रोल किया, साथ ही उसके कई मीम्स भी बनाए गए और भद्दा मजाक उड़ाया गया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
