महिलाओं से छेड़खानी के मामले अक्सर सुर्खियों और सोशल मीडिया पर सामने आते रहते हैं। कई बार ऐसे वीडियो भी सामने आते हैं, जिन्हें देख लोग नारी सुरक्षा को लेकर सोच में पड़ जाते हैं। हाल में एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जहां बस में सफर कर रहा लड़का एक महिला यात्री की तस्वीर अपने मोबाइल में कैद कर रहा था। जब महिला ने इस चीज को नोटिस किया तो उसने तुरंत अपनी आपत्ति जताई और लड़के को अपना फोन चेक कराने को कहा। जब लड़के की यह ओछी हरकत पकड़ी गई तो वह महिला से हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा।
महिला ने लड़के के मोबाइल का लॉक खुलवाया
वीडियो में आप देख सकते हैं कि बस में सवार एक महिला उसी बस में सफर कर रहे एक लड़के पर चिल्लाते हुए देखा जा सकता है। महिला के हाथ में लड़के का मोबाइल है और वह लड़के से अपने फोन का लॉक खोलने को कह रही है। इस पर लड़का बहाना देते हुए कहता है कि अभी लॉक नहीं खुल रहा। फिर महिला चिल्लाते हुए कहती है कि तुम अपने फोन में मेरी फोटो क्यों खींच रहे थे। इस पर लड़का जवाब देता है कि वह अपने फोन से अपनी ही सेल्फी ले रहा था।
लड़के ने चुपके से अपने मोबाइल में खींची थी महिला की तस्वीर
लड़के की बात को महिला नकारती है और उस पर फोन का लॉक खोलने के लिए जोर डालती है। आखिरकार लड़का अपने फोन का लॉक खोलता है और लॉक खोलते ही मोबाइल में महिला की खींची हुई तस्वीर दिखने लगती है। इस पर महिला अपने साथ हुई घटना के बारे में बताती है।
महिला ने लड़के को रंगे हाथों पकड़ा
महिला कहती है कि मैं इस बस में सतना से पन्ना जा रही थी। ये लड़का और इसका दोस्त चोरी-चुपके मेरी तस्वीर अपने मोबाइल में खींच रहे थे। जब मैंने इन्हें देखा तो इसका एक दोस्त बस से उतरकर कहीं भाग गया। बस में हर तरफ जगह खाली थी लेकिन ये लोग मेरे पास ही आकर बेवजह खड़े हो गए और मेरी तस्वीरें खींचने लगे। जब महिला ने उस लड़के की इस छिछोरी हरकत का पर्दाफाश कर दिया तो लड़का महिला से हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @theindian.circle नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे खबर लिखे जाने तक हजारों लोगों ने देखा और सैकड़ों लोगों ने वीडियो पर कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
