विवाद के दौरान कई बार लोग अपना आपा खो बैठते हैं और लोगों के साथ हाथापाई पर उतर आते हैं। हाल में कुछ ऐसी ही एक घटना का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर देखने को मिला। जहां एक महिला ने ड्राई क्लीनर की दुकान पर बैठी रिसेप्शनिस्ट पर हाथ छोड़ दिया। जिसका वीडियो दुकान में लगे CCTV में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गोरखपुर का बताया जा रहा है यह Video
इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @divya_gandotra नाम की यूजर ने शेयर किया है। वीडियो के कैप्शन में यूजर ने इस घटना से जुड़ी जानकारी भी दी है। जहां यूजर ने बताया कि यह घटना गोरखपुर के शाहपुर इलाके की है। यहां एक महिला ने सिर्फ 50 रुपये की छूट को लेकर ड्राई क्लीनिंग दुकान की एक रिसेप्शनिस्ट के साथ बदसलूकी की। बात सिर्फ बदसलूकी की ही नहीं बल्कि उस महिला ने गुस्से में रिसेप्शनिस्ट को जोरदार थप्पड़ भी रसीद दिया।
50 रुपए कम करने की जिद्द कर रही थी महिला
बताया जा रहा है कि महिला अपने कपड़े ड्राई क्लीन कराने के लिए दुकान पर आई थी। दुकान पर फिक्स रेट 750 रुपए था लेकिन महिला ने बिल में 50 रुपए ऑफ करने को कहने लगी। दुकान की रिसेप्शनिस्ट ने बताया कि यह फिक्स चार्ज है और इसमें कोई छूट नहीं दी जा सकती। इसी बात पर महिला नाराज हो गई और वह वहां हंगामा करने लगी।
महिला ने रिसेप्शनिस्ट को मारा थप्पड़
वीडियो में आप उस महिला को रिसेप्शनिस्ट से बदसलूकी करते देख सकते हैं। महिला रिसेप्शनिस्ट से बहस कर रही है और वह उसे धमका भी रही है। कुछ ही देर बाद उसने गुस्से में आकर रिसेप्शनिस्ट को थप्पड़ भी मार दिया। महिला के बगल में खड़ा वह व्यक्ति उसे समझाने की कोशिश कर रहा है लेकिन महिला किसी की भी सुनने को तैयार नहीं थी।
मामले को लेकर पुलिस ने दर्ज की FIR
बताया जा रहा है कि घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी ने तुरंत इस बारे में दुकान के मालिक और पुलिस को जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और CCTV फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई लोगों का कहना है कि किसी भी कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल नहीं होना चाहिए। लोगों ने यह भी कहा कि अगर ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्राहक ऐसे ही अपनी मनमर्जी से कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
