Indonesia Gold Mine: इंडोनेशिया में बुधवार को बचावकर्मियों ने एक अवैध सोने की खदान से और शव बरामद किए और 17 अन्य खनिकों की तलाश भी जारी रखी जिनके बाढ़ के कारण खदान के अंदर फंसे होने की आशंका है। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की पुष्टि की गई संख्या बढ़कर नौ हो गई।
100 मीटर गहरी खाई में भरा पानी
खनिक सोमवार देर रात सोने के कण निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे, तभी भारी बारिश के कारण पश्चिमी जावा प्रांत के बोगोर जिले में पास की सिसेउरेह नदी का पानी उफनकर खदान की सुरंग में घुस गया। पहाड़ी क्षेत्र में स्थित इस खदान की गहराई करीब 100 मीटर (330 फुट) बताई गई है। यह राजधानी जकार्ता के दक्षिण में स्थित है।
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, पश्चिम जावा पुलिस प्रवक्ता हेंद्र रोचमावन ने कहा कि खदान में बाढ़ का पानी घुसने से पहले 11 खनिक बाहर निकल गए। स्थानीय खनिकों और निवासियों ने शुरू में पंप लगाकर पानी निकालने की कोशिश की लेकिन हालात नियंत्रण से बाहर हो गए।
खदान में हो रहा था अवैध खनन!
अधिकारियों को तत्काल इसलिए सूचित नहीं किया गया, क्योंकि खनिक अवैध तरीके से खनन कर रहे थे। बोगोर आपदा रोधी एजेंसी के आपात सेवा प्रमुख एम आदम हमदानी ने कहा, ''समस्या यह थी कि किसी ने इसकी सूचना नहीं दी और कोई इसकी जानकारी नहीं देना चाहता था क्योंकि गतिविधि अवैध थी।''
रोचमावन ने कहा कि पुलिस को बाढ़ आने के करीब 16 घंटे बाद सबसे पहले खनिकों के फंसे होने की खबर मिली। स्थानीय अधिकारियों, दमकलकर्मियों और अन्य एजेंसियों के प्रारंभिक आकलन के बाद, सरकारी खनन कंपनी पीटी अंतम ने बुधवार आधी रात के ठीक बाद जकार्ता खोज एवं बचाव एजेंसी को एक औपचारिक रिपोर्ट भेजी, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
खदान से पानी निकालने की हो रही कोशिश
खोज एवं बचाव दल ने खदान के गड्ढे से पानी निकालने के लिए सबमर्सिबल पंप का इस्तेमाल किया और उन छेदों को बंद करने की कोशिश की, जहां से भूजल रिसकर अंदर आ रहा था। जकार्ता खोज एवं बचाव एजेंसी की प्रमुख देसियाना कार्तिका बहारी ने एक बयान में कहा, ''खदान के भीतर पानी का स्तर अभी कम नहीं हुआ है और इसे निकालने में काफी समय लगने की आशंका है।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'हिजबुल के लिए काम कर रहे 30 लापता आतंकवादी...', यहां देखें नाम
उन्होंने कहा कि पानी का स्तर अधिक होने, अंदर जाने का रास्ता संकरा होने, फिसलन भरे रास्ते और रोशनी की कमी के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। इस खोज अभियान में आपातकालीन सेवाओं के कर्मियों, पुलिस, सेना, स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वयंसेवकों सहित 325 बचावकर्मी शामिल हैं।
पहला शव बुधवार दोपहर के कुछ समय बाद बरामद किया गया, जिसके करीब एक घंटे बाद दो अन्य शव मिले। बहारी ने बताया कि बुधवार शाम तक बचाव दल ने पास-पास स्थित दो खदानों की सुरंगों से छह और शव बरामद किए। उन्होंने बताया कि सभी नौ लोगों के शव 30 से 70 मीटर की गहराई पर मिले।
